'गुटका खाओ, शराब पियो लेकिन पानी जरूर बचाओ', नंगे हाथों से टॉयलेट साफ करने वाले BJP सांसद का नया Video
ऐसा पहली बार नहीं है, जब जनार्दन मिश्रा सोशल मीडिया की सुर्खियों में हैं, इससे पहले भी उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वो नंगे हाथों से ही टॉयलेट की सफाई कर रहे थे।
BJP

'सोल्युशन सूंघो या आयोडेक्स खाओ लेकिन पानी बचाओ'
रविवार को रीवा के कृष्णराज कपूर सभागार में जल संरक्षण पर आयोजित कार्यक्रम में जनार्दन मिश्रा ने कहा, 'धरती के नीचे से पानी लगातार कम हो रहा है, जिसे बचाया जाना बहुत जरूरी है। आप चाहे गुटका खाओ, शराब पियो, थिनर या सोल्युशन सूंघो या फिर आयोडेक्स खाओ लेकिन पानी का महत्व समझो। अगर कोई सरकार ऐलान करती है कि वो पानी पर टैक्स माफ करेगी तो उनसे कहिए कि हम पानी का टैक्स जरूर देंगे, आप चाहें तो बाकी सारे टैक्स, बिजली का बिल माफ कर दीजिए।'
टॉयलेट की सफाई वाला वीडियो भी हुआ था वायरल
इससे पहले सितंबर में भी जनार्दन मिश्रा का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में जनार्दन मिश्रा अपने संसदीय क्षेत्र के एक गर्ल्स कॉलेज के अंदर टॉयलेट को नंगे हाथों से ही साफ करते हुए दिख रहे थे। दरअसल 22 सिंतबर को जनार्दन मिश्रा इस कॉलेज में आयोजित एक वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे, लेकिन जब उन्होंने टॉयलेट को गंदा देखा तो अपने हाथों से ही उसे साफ करने लगे। जनार्दन मिश्रा ने ना ही ब्रश का इस्तेमाल किया और ना ही हाथों में दस्ताने पहने। इस वीडियो को लेकर काफी विवाद भी हुआ था।

टॉयलेट साफ करने की वजह भी बताई
इस वीडियो को लेकर जब जनार्दन मिश्रा से सवाल पूछे गए तो उन्होंने कहा, 'साफ-सफाई का ध्यान हर किसी को रखना चाहिए। महात्मा गांधी से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक ने सभी देशवासियों को सफाई रखने का संदेश दिया है। लोग सफाई को लेकर जागरुक हो सकें, इसीलिए मैंने खुद वो गंदा टॉयलेट साफ किया।' इससे पहले साल 2018 में भी जनार्दन मिश्रा का एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वो खुद टॉयलेट की सफाई कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications