'Cash for Questions': बीजेपी सांसद ने की महुआ मोइत्रा के निलंबन की मांग, TMC MP का आया ये जवाब
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने टीएमसी की एमपी महुआ मोइत्रा पर संसद में सवाल पूछने के बदले रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस सिलसिले में लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को चिट्ठी लिखकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके बाद महुआ ने भी ट्वीट कर कहा है सीबीआई का स्वागत है, लेकिन इससे पहले उन्होंने कुछ शर्तें रखी हैं।
झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को चिट्ठी लिखकर टीएमसी सांसद के खिलाफ एक जांच समिति बिठाने की मांग की है। उन्होंने तृणमूल सांसद पर संसद में सवाल पूछने के लिए एक बिजनेसमैन से घूस लेने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल सदन की सदस्यता से निलंबित करने की भी मांग की है।

महुआ ने संसद में प्रश्न पूछने के बदले बिजनेसमैन से ली घूस- निशिकांत दुबे
लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठ में दुबे ने महुआ मोइत्रा पर आरोप लगाया है कि 'संसद में सवाल पूछने के लिए कैश और गिफ्ट के बदले महुआ मोइत्रा और बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी के बीच रिश्वत का आदान-प्रदान हुआ.....'
विशेषाधिकार हनन, सदन की अवमानना के तहत कार्रवाई की मांग
दुबे ने स्पीकर को लिखी चिट्ठी में प्रश्न पूछने के लिए कैश लेने के मामले में महुआ मोइत्रा के सीधे शामिल होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि यह 'विशेषाधिकार हनन', 'सदन की अवमानना' और आईपीसी की धारी 120-ए के तहत गंभीर 'आपराधिक कृत्य' है।
61 में से 50 सवाल बिजनेसमैन के कारोबारी हित से जुड़े थे- भाजपा सांसद
दुबे ने इस मामले में तृणमूल सांसद के खिलाफ सबूत होने का भी दावा किया है। उन्होंने कहा है कि टीएमसी एमपी के हालिया 61 सवालों में से 50 दर्शन हीरानंदानी और उनकी कंपनी के व्यावसायिक हितों को लेकर जानकारी मांगने वाले थे। यही नहीं ये प्रश्न अडाणी समूह पर भी केंद्रित थे, जो हीरानंदानी ग्रुप के खिलाफ कारोबार के लिए बोली लगा रहा था।
'टीएमसी की चिल्लाने वाली ब्रिगेड'
उन्होंने कहा कि जब भी संसद सत्र चलता है मोइत्रा और सौगत रॉय की अगुवाई वाला 'टीएमसी की चिल्लाने वाली ब्रिगेड' किसी न किसी बहाने दुर्व्यवहार करके सदन की कार्यवाही को बाधित करने की कोशिश करती है। 'पहले हमलोग हैरान थे कि ये ऐसी रणनीति क्यों अपनाते हैं'। उन्होंने कहा कि अब इसका भांडाफोड़ हो गया है कि यह सब किस मंशा के साथ किया जा रहा था। उन्होंने ऐसे मामलों में पहले हुई कार्रवाई का भी हवाला दिया है।
पहले इनपर हो कार्रवाई फिर सीबीआई का स्वागत- महुआ
निशिकांत दुबे की ओर से स्पीकर ओम बिड़ला को लिखी गई चिट्ठी पर महुआ मोइत्रा ने एक्स (ट्विटर) पर जवाब दिया है। उन्होंने लिखा है, 'फर्जी डिग्रीवाले और अन्य बीजेपी दिग्गजों के खिलाफ विशेषाधिकारों के कई उल्लंघन लंबित हैं......स्पीकर की ओर से उन्हें निपटाने के ठीक बाद मेरे खिलाफ किसी भी प्रस्ताव का स्वागत है। मेरे दरवाजे पर आने से पहले ईडी और अन्य की ओर से अडाणी कोल स्कैम को लेकर भी एफआईआर दर्ज करने का इंतजार कर रही हूं।'

उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा है, ' सीबीआई के अडाणी के ऑफशोर मनी ट्रेल, इनवॉइसिंग, बेनामी खातों की जांच पूरी करने के तुरंत बाद मेरे कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच का भी स्वागत है।'












Click it and Unblock the Notifications