पश्चिम बंगाल: दुकान में फंदे से लटका मिला बीजेपी विधायक का शव, सरकार ने CID को सौंपी जांच
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में सोमवार सुबह बीजेपी विधायक देबेंद्र नाथ रॉय का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में इस घटना को सुसाइड बताया जा रहा था, लेकिन बीजेपी ने इस पर कई सवाल खड़े किए हैं। साथ ही मामले में हत्या की आशंका जताई है। विधायक के घर वालों ने भी इसे सुसाइड मानने से इनकार कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सीआईडी को सौंप दी गई है।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक देबेंद्र नाथ रॉय उत्तर दिजानपुर से बीजेपी के विधायक थे। सोमवार सुबह हेमताबाद में एक दुकान के बरामदे में उनका शव फंदे से लटकता मिला। ये दुकान विधायक के घर से सिर्फ एक किलोमीटर दूर थी। चश्मदीदों के मुताबिक फांसी के फंदे का दूसरा सिरा विधायक के ही हाथ में था, जिस वजह से पूरी घटना शक के घेरे में है। परिवार वालों का आरोप है कि राजनीतिक द्वेष के चलते पहले उनकी हत्या की गई, उसके बाद उसे सुसाइड दिखाने के लिए फंदे से लटका दिया गया। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले में सोमवार दोपहर को बंगाल पुलिस ने ट्वीट करते हुए कहा कि मोबाइल की दुकान के बरामदे में विधायक का शव लटकता हुआ मिला। उनकी जेब में एक सुसाइड नोट भी था। जिसमें दो व्यक्तिओं को उनकी मौत का जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। साथ ही वहां पर फोरेंसिक टीम को भी भेजा गया है। ऐसे में अफवाह नहीं फैलाने की अपील की गई है। अब सीआईडी इस मामले की पूरी जांच करेगी।
जेपी नड्डा का सीएम ममता पर हमला
मामले में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बंगाल में बीजेपी विधायक की हत्या बेहद चौंकाने वाली घटना है। ये ममता सरकार की विफलता और गुंडा राज को साबित करता है। लोग भविष्य में इस तरह की सरकार को माफ नहीं करेंगे। बीजेपी इस घटना की कड़ी निंदा करती है।
कई नेताओं पर हो चुके हैं हमले
पश्चिम बंगाल में ये कोई पहला मौका नहीं है, जब बीजेपी नेताओं को निशाना बनाया गया है। इससे पहले बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष पर अज्ञात लोगों ने हमला किया था। जिसमें वो बुरी तरह घायल हो गए थे। उस दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का नाम सामने आया था। इसके पहले पूर्वी मिदनापुर जिले के खजूरी में बीजेपी के जिला सचिव को गोली मारी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications