सोशल मीडिया को और धार देने की तैयारी में बीजेपी, 2024 के चुनावों से पहले क्या है रणनीति? जानिए
भारतीय जनता पार्टी ने अबतक चुनावों में सोशल मीडिया का बखूबी इस्तेमाल किया है। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में वह इस मामले में सभी दलों पर भारी रही थी और इसका उसे काफी फायदा भी मिला था। जानकारी के मुताबिक 2024 के लोकसभा चुनावों में इसके लिए पार्टी खास तैयारी के साथ मैदान में उतरना चाहती है।
एचटी ने इस मामले की जानकारी रखने वाले व्यक्ति के हवाले से बताया है कि बीजेपी अगले चुनावों में छोटे शहरों में खास वर्ग के वोटरों पर फोकस करने के लिए नए मोबाइल ऐप्स के साथ अभियान शुरू कर सकती है।

सोशल मीडिया के जरिए नए वर्ग के वोटरों पर करेगी फोकस
इसके लिए पार्टी कम से कम दो मोबाइल ऐप जल्द लॉन्च कर सकती है। इसके माध्यम से पार्टी अपने कैडर के साथ-साथ टारगेट वोटरों से संवाद बेहतर करना चाहती है। इन ऐप्स पर पार्टी की ओर से ऐसे कंटेंट पेश किया जाएगा, जो फ्लोटिंग वोटरों को भी जोड़ सके या जो पार्टी की विचारधारा से नहीं जुड़ें हैं, वह भी प्रभावित हो सकें। पार्टी की इस योजना की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा, 'ये ऐप्स पार्टी और कार्यकर्ताओं और पार्टी और वोटरों के बीच संवाद को सुव्यवस्थित करने में मदद करेंगे।'
क्षेत्रीय भाषाओं के माध्यम से छोटे शहरों के वोटरों पर फोकस
तथ्य ये है कि देश में इंटरनेट यूजर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़े हैं। इसलिए बीजेपी देश भर के छोटे शहरों के वोटरों को भी अपने साथ जोड़ने के लिए क्षेत्रीय भाषाओं के माध्यम से सोशल मीडिया पर ऐक्टिव होना चाहती है। इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार अभी भारत में 75.9 करोड़ ऐक्टिव इंटरनेट यूजर हैं। जबकि 2025 तक यह संख्या बढ़कर 90 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है।
जिस व्यक्ति ने पहले जानकारी दी, उसी ने बताया कि '2024 में हमें नए उम्र के लोगों से डील करना है और इसके लिए नए तरह से नजदीकी बढ़ाने की आवश्यकता होगी, क्योंकि साक्षरता स्तर और डिजिटल पहुंच दोनों ही अप्रत्याशित रूप से बढ़े हैं। यह चुनाव दूसरों से अलग होने के लिए टेक्नोलॉजी की असली परीक्षा की तरह होगा।'
2014 और 2019 में किया बखूबी इस्तेमाल
उस व्यक्ति ने यह भी बताया कि इसे ठोस तरीके से तो नहीं मापा जा सकता है, लेकिन 2014 में सोशल मीडिया की वजह से पार्टी 30-40% सीटों पर खास प्रभाव डालने में (विशेष रूप से युवा मतदाताओं पर) सफल रही थी। इसलिए, 2019 में सोशल मीडिया पर अपनी मौजूदगी का और विस्तार किया।
140 से 160 सीटों पर नजर
अपने पिछले अनुभवों को देखते हुए पार्टी ने इस बार भी अपनी रणनीति को और ठोस करने का इरादा बनाया है। 2024 में पार्टी सोशल मीडिया के माध्यम से लोकसभा की 140 से 160 सीटों पर अलग प्रभाव छोड़ना चाहती है। उसने कहा, '2014 में हमारे आसपास कोई नहीं था। 2019 में भी वे हमें पकड़ने की ही कोशिश कर रहे थे। अब, कई फैक्टर काम कर रहे हैं। एंटी-इंकंबेंसी है, यहां विपक्षी दलों का गठबंधन है, इसलिए आउटरीच को ठोस करना होगा।'












Click it and Unblock the Notifications