मुरली मनोहर जोशी बोले- जेएनयू वीसी को पद पर रहने का हक नहीं
Recommended Video
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री मुरली मनोहर जोशी ने कहा है कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर को पद से हटा दिया जाना चाहिए। जोशी ने एक ट्वीट में अपना बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा कि जेएनयू वीसी एम जगदीश कुमार का जो रवैया है, उसको देखते हुए मुझे नहीं लगता कि उनको पद पर आगे रखा जाना चाहिए।

मुरली मनोहर जोशी ने अपने ट्वीट में कहा, इस तरह की रिपोर्ट हैं कि मानव संसाधन मंत्रालय ने दो बार जेएनयू के वाइस चांसलर को विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के मुद्दे को सुलझाने के लिए वर्किंग फार्मूला लागू करने के लिए कहा था। वाइस चांसलर) को छात्रों और अध्यापकों से मिलकर बात करने की सलाह भी दी गई थी। यह अजीब है कि वाइस चांसलर ने सरकार के आदेश को लागू नहीं करने का हठ अपनाया। यह नजरिया निंदनीय है और मेरी राय में ऐसे वाइस चांसलर को पद पर बने रहने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
बता दें कि जेएनयू के छात्र बीते काफी समय से फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन चला रहे हैं। छात्र वीसी के रवैये पर भी लगातार सवाल करते रहे हैं। वहीं बीते रविवार को कैंपस में भारी हिंसा हुई थी। नकाबपोश बदमाशों ने छात्रों और शिक्षकों के साथ मारपीट की थी। इस पूरी प्रक्रिया में भी वीसी के रवैये पर कई सवाल उठे हैं। जेएनयू छात्रसंघ की अध्यक्ष आईशी घोष लगातार वीसी के इस्तीफे की मांग कर रही हैं। जेएनयू के अलावा भी देश में कई विश्वविद्यालयों में छात्रों ने प्रदर्शन किए हैं और एम जगदीश को पद से हटाने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications