Bengal Election: TMC सांसद दिनेश त्रिवेदी के बीजेपी में जाने की अटकलें, कैलाश विजयवर्गीय ने दिया जवाब
West Bengal Election: पश्चिम बंगाल में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिस वजह से वहां पर राजनीतिक उठा-पटक जारी है। बिहार की जीत से उत्साहित बीजेपी हाईकमान ने बंगाल में भी मोर्चा संभाल लिया है, जबकि दूसरी ओर टीएमसी में बगावत का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को राज्यसभा में टीएमसी के सांसद दिनेश त्रिवेदी ने भी सदस्यता से इस्तीफे का ऐलान कर दिया। जिसके बाद फिर से ममता सरकार और टीएमसी बीजेपी के निशाने पर आ गई है।
Recommended Video

मामले में बीजेपी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि दिनेश त्रिवेदी मुझे सालभर पहले हवाई अड्डे पर मिले थे। उस दौरान ही उन्होंने कहा था कि उनके यहां बहुत खराब स्थिति है और वो काम नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने TMC से इस्तीफा दिया है। अगर वो बीजेपी में आएंगे तो उनका स्वागत है। विजयवर्गीय ने आगे कहा कि दिनेश त्रिवेदी ही नहीं जो भी ईमानदार आदमी है, वो टीएमसी में नहीं रुक सकता। सभी ईमानदार व्यक्तियों के लिए बीजेपी के दरवाजे खुले हैं।
क्या कहा त्रिवेदी ने?
शुक्रवार को राज्यसभा की कार्यवाही के दौरान जब दिनेश त्रिवेदी को बोलने का मौका मिला, तो उन्होंने कहा कि मैं आज राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देता हूं। मेरे राज्य में बहुत ज्यादा हिंसा है। हम यहां कुछ भी नहीं बोल सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं अपनी पार्टी का आभारी हूं, जिसने मुझे राज्यसभा में भेजा। इसके अलावा मुझे घुटन महसूस हो रही है कि हम राज्य में हिंसा पर कुछ नहीं कर पा रहे हैं। मेरी आत्मा मुझसे कहती है कि अगर आप यहां बैठकर कुछ नहीं कर सकते, तो आपको इस्तीफा दे देना चाहिए। मैं बंगाल के लोगों के लिए काम करना जारी रखूंगा।
शुभेंदु अधिकारी के बाद से बगावत जारी
आपको बता दें कि सबसे पहले टीएमसी से शुभेंदु अधिकारी बागी हुई थे। पहले उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दिया और फिर पार्टी की सदस्यता से। बाद में उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया। जिसके बाद से टीएमसी से नए-नए बागी निकलकर सामने आ रहे हैं। हाल ही में बंगाल के वन मंत्री राजीब बनर्जी ने भी इस्तीफा दिया था। बाद में वो भी बीजेपी में शामिल हो गए। अब दिनेश त्रिवेदी के बीजेपी में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications