भाजपा के शिखर नेता कश्मीर में,अब इंतजार मोदी का
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला) जम्मू-कश्मीर चुनाव में हर हालत में फतेह पाने के इरादे से भाजपा ने अब अपनी पूरी ताकत लगा दी है। भाजपा प्रमुख अमित शाह और गृह मंत्री राज्य का दौरा कर रहे हैं। रणनीति बनाने से लेकर सभाओं को संबोधित कर रहे हैं। इस बीच, अपनी तीन देशों की विदेश यात्रा से वापस आ गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 नवंबर को राज्य आएंगे।

22 को किश्तवाड़ में
वे 22 नवंबर को किश्तवाड़ से भाजपा के मिशन 44 प्लस के लिए रैली कर प्रचार अभियान को हरी झंडी दिखाएंगे। मोदी भाजपा के स्टार प्रचारक हैं और प्रदेश में उनकी दस रैलियां होनी हैं। किश्तवाड़ के बाद मोदी की अगली रैली श्रीनगर और उधमपुर में होगी।
मोदी से आगे सोचा जाए
इस बीच, अमित शाह ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में इस बार माहौल सरकार बनाने के अनुकूल है पर सिर्फ मोदी फैक्टर के भरोसे रहना काफी नहीं होगा। कार्यकर्ताओं को जीतोड़ मेहनत भी करनी होगी। अभी नहीं तो कभी नहीं के सिद्धांत पर चलना होगा।
अमित शाह ने बीते कल जम्मू में प्रचार अभियान के प्रभारियों के साथ हुई बैठक में मिशन 44 को पूरा करने के लिए पोलिंग बूथ पर काम करने पर बल दिया। शाह मानते हैं कि मोदी की लहर राज्य में है, लेकिन इससे मिशन 44 पूरा नहीं होगा। हमें जमीनी स्तर पर पोलिंग बूथ पर काम करना होगा, तभी मिशन 44 को पूरा किया जा सकता है।
बता दें कि श्रीनगर में 27 नवंबर और उधमपुर में 30 नवंबर को मोदी की रैलियां है। भाजपा ने अपने मिशन 44 प्लस को भी 50 प्लस में बदल दिया है।
राजनाथ भी कश्मीर में
उधर, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह फिर भी राज्य में सभाएं ले रहे हैं। एक सभा में उन्होंने कहा है कि सीमापार से गोलाबारी पर पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। भारत ने हमेशा ही पड़ोसी धर्म निभाया है, लेकिन यदि बदले में हम पर गोलियां बरसाई जाएंगी तो इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
इस बीच, जानकारों का कहना है कि भाजपा नेतृत्व को मालूम है कि उसके मिशन में अवरोध खड़ा कर सकती है पीडीपी। इसलिए सारे नेता और कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत में जुटे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications