2024 के चुनाव में भाजपा ने रखा 51% वोट शेयर का लक्ष्य
ओडिशा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन समल ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ओडिशा पर खास ध्यान दे रहा है, 2024 के चुनाव में पार्टी ओडिशा पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित करना चाहती है। बता दें कि 22 और 23 दिसंबर को भाजपा केंद्रीय नेतृत्व की बैठक में हिस्सा लेने के बाद समल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह ने ओडिशा को लेकर काफी लंबी चर्चा की है, यह चर्चा काफी देर रात तक चली।
समल ने कहा कि प्रदेश की चुनावी रणनीति को तैयार कर लिया गया है। प्रदेश की ईकाई को टार्गेट दिया गया है कि वह यहां पर वोट शेयर को 51 फीसदी तक ले जाने की कोशिश करें। ओडिशा को खास महत्व दिया गया, ओडिशा उन चार राज्यों में शामिल है जहां लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने हैं। प्रदेश में पार्टी के संगठन को लेकर सघन चर्चा हुई है। बैठक के दौरान फैसला लिया गया है कि बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत किया जाएगा

समल ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश की ईकाई केंद्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। 2014 की तुलना में 2019 में पार्टी ने यहां काफी बेहतर किया है। मुझे पूरा भरोसा है कि पार्टी आगामी चुनाव में काफी अच्छा करेगी। लोगों ने पहले ही मन बना लिया है कि इस बार प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करना है। भाजपा का नेतृत्व संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश का दौरा करेगा और पार्टी के कार्यकर्ताओं में न ऊर्जा का संचार करेगा।
बता दें कि ओडिशा प्रदेश भाजपा की ईकाई ने अटल सम्मान 2023 का वितरण किया, यह सम्मान पूर्व विधायक और जानेमाने जनसंघ के नेता खिरोड प्रसाद को दिया गया। उन्होंने समाज सेवा में जिस तरह का योगदान दिया, उसके लिए उन्हें सम्मानित किया गया।












Click it and Unblock the Notifications