BJP Foundation day: दुनिया की सबसे बड़ी और अमीर पार्टी भाजपा के बारे में ये 10 बातें क्या आप जानते हैं?
BJP Foundation day 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का आज यानी 6 अप्रैल 2025 को 46वां स्थापना दिवस है। 45 साल पहले जनता पार्टी के एक धड़े ने भारतीय जनता पार्टी का गठन किया था। 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना की कहानी सुनाने लायक है। पार्टी की जड़ें 1951 से देखी जा सकती है, जब डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने दिल्ली में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी। बाद में 1975-77 में पार्टी का अन्य राजनीतिक दलों के साथ विलय हो गया और जनता पार्टी का गठन हुआ।
जनसंघ पार्टी का शुरुआती सफर इतना अच्छा नहीं रहा और 1957 के लोकसभा चुनाव में उसे मात्र 4 सीटें मिलीं, 1962 में 14, 1967 में 35 और बाद में 1977 में जब जनता संघ ने अन्य दलों के साथ विलय करके जनता पार्टी बनाई तो मोरारजी देशाई के नेतृत्व में उन्होंने लोकसभा में 295 सीटें जीतकर सरकार बनाई।

लेकिन इसी बीच जनता पार्टी आपसी प्रतिद्वंद्विता और सत्ता की राजनीति का शिकार हो गई। वर्चस्व की होड़ में जनसंघ के कार्यकर्ताओं के सामने 'दोहरी सदस्यता' का सवाल खड़ा कर दिया गया। या तो जनसंघ के लोग जनता पार्टी छोड़ दें या फिर आरएसएस से अपना रिश्ता खत्म कर लें। आंतरिक कलह के कारण जनता पार्टी टूट गई, जिसके बाद 1980 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा।
इसी मुद्दे पर जनसंघ के नेताओं ने जनता पार्टी छोड़ दी और 6 अप्रैल 1980 को पंच निष्ठाओं के आधार पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का गठन किया। भाजपा का गठन अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में किया गया था, वो इस पार्टी के पहले अध्यक्ष बने थे। वहीं लालकृष्ण आडवाणी, सूरज भान और सिकंदर बख्त को पार्टी का महासचिव बनाया गया था।
BJP के बारे में रोचक बातें
🔴 1. गठन के बाद भाजपा के सामने आने वाले संघर्षों के बाद आखिरकार पार्टी उस मुकाम पर पहुंच गई है, जहां उसे पहुंचना था। भाजपा 1.3 अरब लोगों पर शासन करने वाली दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है।
🔴 2. 2015 से पहले चीन की कम्युनिस्ट पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी माना जाता था, लेकिन अब बीजेपी को यह तमगा मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी का दावा है कि उनके उसके 18 करोड़ से ज्यादा सदस्य हैं।
🔴 3. भारतीय जनता पार्टी ना सिर्फ दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है बल्कि विश्व की सबसे अमीर पार्टी भी है। चुनाव आयोग को उपलब्ध कराए गए आंकड़ों मुताबिक भाजपा के पास 31 मार्च 2024 तक 7,113.80 करोड़ रुपये की भारी नकदी और बैंक बैलेंस थीं।
🔴 4. भारतीय जनता पार्टी ने अपना आधिकारिक दर्शन एकात्म मानववाद पर आधारित किया है जो दीनदयाल उपाध्याय की 1965 की पुस्तक से लिया गया है।
🔴 5. भाजपा और 1998-2004 तक एनडीए के दलों का गठबंधन पहली गैर-कांग्रेसी पार्टी थी, जो सत्ता में अपना कार्यकाल पूरा कर पाई। वे उस समय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मार्गदर्शन में थे।
🔴 6.आपको जानकर हैरानी होगी कि भाजपा पहले अपना चुनाव चिन्ह कमल का फूल नहीं चाहती थी। भाजपा ने चुनाव आयोग से चक्र और हाथी चुनाव चिह्न देने का अनुरोध किया था। लेकिन इसे स्वीकार नहीं किया गया था। चुनाव आयोग ने भाजपा को कमल चुनाव चिह्न दिया था। इसके कई मायने हैं,
🔴 7. भाजपा ने पांच प्रमुख सिद्धांतों के प्रति भी अपनी निष्ठा व्यक्त की, जिन्हें 'पंचनिष्ठा' कहते हैं। ये पांच सिद्धांत (पंच निष्ठा) हैं-राष्ट्रवाद एवं राष्ट्रीय अखंडता, लोकतंत्र, सकारात्मक, पंथ-निरपेक्षता (सर्वधर्मसमभाव), गांधीवादी समाजवाद (सामाजिक-आर्थिक विषयों पर गाँधीवादी दृष्टिकोण द्वारा शोषण मुक्त समरस समाज की स्थापना) और मूल्य आधारित राजनीति।
🔴 8. भाजपा ने अपनी सत्ता में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को खत्म करना, तीन तलाक को खत्म करना, नागरिकता संशोधन कानून, जीएसटी लागू करना और वक्फ संशोधन विधेयक को एक्ट बदलकर कई ऐतिहासिक फैसले किए हैं।
🔴 9. भाजपा का आधिकारिक समाचार पत्र का नाम कमल संदेश है।
🔴 10. भाजपा पार्टी के नाम रखने की भी कहानी दिलचस्प है। भाजपा के आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक पार्टी के पहले सत्र में जब आए लोगों से पूछा गया तो 3 हजार में से सिर्फ 6 लोगों ने भी पुराने नाम जनसंघ को जारी रखने की वकालत की थी। बाकियों ने पार्टी का नाम बदलने की बात कही थी। आखिरकर भारतीय जनता पार्टी नाम रखने पर सहमति हुई।












Click it and Unblock the Notifications