'जहां तर्क होते हैं, वहां तूफान की जगह नहीं होती', मानसून सत्र की शुरुआत पर बोले PM मोदी, किन बिलों पर चर्चा?
संसद का मानसून सत्र 2026 शुरू हो चुका है। सत्र के पहले दिन देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद की कार्यवाही को लेकर एक बहुत स्पष्ट और दोटूक संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि अगर अपनी बात में सच्चाई और ठोस प्रमाण हों, तो बेवजह का हंगामा करने का कोई मतलब नहीं बनता।
पीएम मोदी ने कहा, ''जहां तर्क, तथ्य होते हैं, वहां तूफान की कोई जरूरत नहीं होती है। अगर आपके तर्क और तथ्य मजबूत हैं तो आवाज ऊंची करने की कोई जरूरत नहीं है।'' पीएम मोदी ने विपक्षी दलों से अपील की कि वे सदन का समय बर्बाद करने के बजाय गंभीर चर्चा का हिस्सा बनें। यह सत्र 20 जुलाई से शुरू होकर 13 अगस्त तक चलेगा, जिसमें 25 दिनों के दौरान 19 बैठकें तय की गई हैं।

'जहां तर्क और तथ्य हैं, वहां तूफान उठाने की कोई जरूरत नहीं'
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "मेरा साफ मानना है कि जहां बात में दम हो और आंकड़े सही हों, वहां शोर मचाने की कोई वजह ही नहीं बचती। अगर आपके पास ठोस आधार है, तो अपनी आवाज ऊंची करने की लाचारी नहीं होनी चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि संसद में हर सदस्य की बात सुनी जानी चाहिए और देश को उम्मीद है कि बहस का स्तर आंकड़ों और सही दलीलों पर टिका होगा। पीएम का यह बयान स्पष्ट इशारा है कि सरकार सदन को हंगामे की बलि नहीं चढ़ने देना चाहती।
मौसम और काम के माहौल को जोड़ते हुए पीएम ने कहा, "बारिश का मौसम हो या संसद की बैठक, दोनों का समय पर सही ढर्रे पर चलना ही सबके काम आता है। जब ये दोनों सही दिशा में काम करते हैं, तो आम जनता और देश का फायदा तय है।" उन्होंने संसद के मानसून सत्र को ऐतिहासिक बताते हुए उम्मीद जताई कि यह समय देश के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
अंतरिक्ष में भारत की छलांग और स्टार्टअप्स का दम
देश की हालिया सफलताओं को गिनाते हुए पीएम मोदी ने जोर दिया कि भारत ने पिछले कुछ हफ्तों में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले मानसून सत्र के वक्त भारत का एक नागरिक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर था। वहीं दो दिन पहले ही
भारतीय युवाओं के एक स्टार्ट-अप ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो दुनिया के बेहद गिने-चुने देश ही कर पाए हैं। पीएम के मुताबिक, यह सिर्फ एक इत्तेफाक नहीं है, बल्कि दुनिया के लिए सीधा मैसेज है कि भारत के नौजवानों के सपने और उनकी ताकत असीम है।
मानसून सत्र में पेश होने वाले 7 अहम बिल
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक इस 25 दिनों के सत्र में कई बड़े कानूनी बदलावों की रूपरेखा तैयार की गई है। सरकार जो मुख्य विधेयक ला रही है, वे हैं।
- आयकर संशोधन विधेयक, 2026: यह बिल हाल ही में जारी किए गए सरकारी अध्यादेश की जगह लेगा।
- सर्वोच्च न्यायालय संशोधन विधेयक, 2026: इसके जरिए सुप्रीम कोर्ट में जजों की मौजूदा संख्या 33 से बढ़ाकर 37 की जाएगी।
- राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम संशोधन विधेयक, 2026: इसके जरिए राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' को भी राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान की तरह कानूनी सुरक्षा दी जाएगी।
- जन्म और मृत्यु का पंजीकरण संशोधन विधेयक, 2026: अब जन्म या मृत्यु के रजिस्ट्रेशन में देरी करने पर नियमों को सख्त किया जाएगा और जुर्माना लगेगा।
- MSME विकास संशोधन विधेयक, 2026: छोटे और मध्यम कारोबारियों को पैसे की तंगी से उबारने और बिजनेस आसान बनाने के लिए यह सुधार लाया जा रहा है।
- विदेशी अंशदान संशोधन विधेयक, 2026: विदेशी चंदे (FCRA) के इस्तेमाल पर निगरानी और पाबंदियां पहले से ज्यादा कड़ी होंगी।
- विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, 2025: देश में उच्च शिक्षा की अलग-अलग संस्थाओं जैसे UGC, AICTE और NCTE को मिलाकर एक ही मुख्य रेगुलेटर अथॉरिटी बनाई जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications
