पाकिस्तान से फंडिंग वाले बयान पर BJP ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ किया मानहानि का केस
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह नई मुश्किलों में फंस सकते हैं। क्योंकि उनके आईएसआई वाले बयान को लेकर बीजेपी ने आपराधिक और मानहानि का केस कर दिया है। बीजेपी लीगल सेल ने दिल्ली में उनकी कथित टिप्पणी के लिए मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि दिग्विजय सिंह ने कथित तौर पर कहा था कि था कि बीजेपी और बजरंग दल पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) से पैसे ले रहे हैं।

बीजेपी लीगल सेल के संयोजक राजेश कुमार ने बुधवार को दिल्ली में अतिरिक्त मेट्रोपोलियन मजिस्ट्रेट समर विशाल के समक्ष केस दायर किया जिसके बाद सुनवाई के लिए 9 अक्टूबर की तारीख दी गई है। बता दें कि मध्य प्रदेश के भिंड में मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने अपने बयान में कहा था कि बजरंग दल और बीजेपी आईएसआई से पैसे ले रहे हैं। साथ में उन्होंने आगे कहा कि 'एक बात और बताऊं, पाकिस्तान से आईएसआई के लिए जासूसी मुसलमान कम कर रहे हैं, गैर-मुसलमान ज्यादा कर रहे हैं। इस बात को भी समझ लीजिए।'
याचिकाकर्ता ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने अपने अपमानजनक बयानों से भाजपा, उसके नेताओं और जनता को बड़े पैमाने पर चोट पहुंचाई है। बयान में इस्तेमाल की जाने वाली भाषा अनैतिक है, जिसमें पूरे सिस्टम का मजाक उड़ाया गया है। बीजेपी आईएसआई से पैसे ले रही है उनका यह बयान जनता के मन में गलत धारणा पैदा करता है क्योंकि आईएसआई पाकिस्तान की एजेंसी है।
बता दें कि दिग्विजय सिंह के इस बयान पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया था। शिवराज सिंह ने कहा कि खबरों में बने रहने के लिए दिग्विजय सिंह ऐसे बयान देते हैं। शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा था कि 'दिग्विजय सिंह जानबूझकर ऐसी बयानबाज़ी करते हैं। वह और उनके नेता पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। उनकी विश्वसनीयता बची नहीं है। मैं उनके बयान को इसलिए गंभीरता से नहीं लेता, क्योंकि सारा देश संघ और भाजपा की देशभक्ति को जानता है, हमें दिग्विजय जी के प्रमाण की ज़रूरत नहीं है।'
यह भी पढ़ें- फिर मुश्किल में भाजपा सांसद सनी देओल, 22 साल पुराने इस केस में आरोप तय












Click it and Unblock the Notifications