कर्नाटक में बागी नेता ईश्वरप्पा पर BJP ने लिया कड़ा एक्शन, 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित
बीजेपी ने कर्नाटक में बागी नेता केएस ईश्वरप्पा पर कड़ा एक्शन लिया है। पार्टी ने अनुशासन के उल्लंघन और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए ईश्वरप्पा को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
बीते दिनों ईश्वरप्पा ने अपने बेटे को हावेरी से लोकसभा टिकट नहीं दिए जाने से नाराज होकर शिवमोगा से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए नामांकन दायर किया था। बीजेपी ने ईश्वरप्पा को इससे पहले काफी मनाने की कोशिशें की थी।

खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी ईश्वरप्पा से नामांकन वापसी के लिए बोल चुके थे, लेकिन वह नहीं माने। यही कारण है कि अब पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। चुनाव आयोग से ईश्वरप्पा को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में गन्ना किसान चुनाव चिन्ह मिला है।
बीजेपी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि ईश्वरप्पा ने पार्टी के प्रोटोकॉल के खिलाफ जाने और इस लोकसभा चुनाव को निर्दलीय के रूप में लड़ने का फैसला किया है। इससे पार्टी की फजीहत हुई है। इसके बाद पार्टी ने यह कदम उठाया है और उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
बता दें कि बीएस येदियुरप्पा और उनके बेटे बीवाई राघवेंद्र, 2009 से शिवमोग्गा निर्वाचन क्षेत्र से जीतते रहे हैं। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में राघवेंद्र का मुकाबला ईश्वरप्पा के अलावा कांग्रेस के उम्मीदवार गीता शिवराज कुमार से होगा। कुरुबा जाति से आने वाले ईश्वरप्पा ने शिवमोग्गा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से पांच बार जीत हासिल की है।
ईश्वरप्पा ने पहले चुनावी राजनीति से संन्यास ले लिया था। इसके बाद वे चाहते थे कि उनकी विरासत के रूप में उनका बेटा चुनाव लड़े। लेकिन अपने बेटे को टिकट नहीं मिलने के बाद वे नाराज हो गए। अब उन्होंने फिर से चुनाव लड़ने का फैसला कर बीजेपी को सबक सिखाने का ऐलान किया है।
ईश्वरप्पा का कहना है कि उनकी लड़ाई पूर्व मुख्यमंत्री और लिंगायत नेता बीएस येदियुरप्पा के परिवार के खिलाफ है। दिलचस्प बात ये है कि ईश्वरप्पा चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी की तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे थे। हालांकि इसके खिलाफ बीजेपी ने चुनाव आयोग से शिकायत की है।












Click it and Unblock the Notifications