चावल आवंटन में कटौती को लेकर केंद्र के खिलाफ बीजद ने किया प्रदर्शन, लगाए गंभीर आरोप
राशन में कटौती को लेकर बीजद के सदस्यों ने केंद्र की भाजपा सरकार (BJP Govt) पर सौतेले व्यवहार का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

Odisha News: केंद्र की भाजपा सरकार (BJP Govt) पर सौतेले व्यवहार का आरोप लगाते हुए बीजद (BJD) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बारीपदा, राउरकेला और जयपुर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि राज्य से चावल आवंटन में कमी से किसानों पर बुरा असर पड़ा है। बारीपदा नगर पालिका के अध्यक्ष कृष्णानंद मोहंती और पूर्व राज्यसभा सदस्य सरोजिनी हेम्ब्रम ने कहा कि प्रत्येक लाभार्थी से लगभग पांच किलोग्राम चावल काटने का निर्णय और जिले से चावल की खरीद पर प्रतिबंध न केवल क्षेत्र के किसानों बल्कि राज्य के किसानों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है।
राशन में कटौती करने पर बीजद कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
मीडियाकर्मियों से बात करते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि, भाजपा सरकार ने घरेलू गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य वस्तुओं की कीमतें अचानक बढ़ा दी हैं, इसके अलावा लाभार्थियों को दिए जाने वाले 5 किलो चावल को कम कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM) के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन भेजा है। इसके साथ ही मांग की कि केंद्र प्रति लाभार्थी कोटा 10 किलो चावल बहाल करे।
मदद की बजाय किसानों का हक छीनने का आरोप
राज्य में राशन कटौती को लेकर सत्तारूढ बिजु जनता दल की ओर से केंद्र सरकार पर गरीबों के पेट पर लात मारने का आरोप लगाया गया है। इसके लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डेलांग प्रखंड कार्यालय के वाहर प्रदर्शन किया। बीजेडी नेताओं का आरोप है कि गरीबों को मदद के बजाय उनका हक भी छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि, अगर ये कटौती ऐसे ही चलती रही तो एक दिन राशन मिलना सपना हो जाएगा।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
इसी तरह जेपोर में बीजद के सदस्यों ने इसी कारण से प्रखंड कार्यालय के सामने धरना दिया। उन्होंने भी इस मुद्दे को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। ऐसे में हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ ने बीजेपी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।












Click it and Unblock the Notifications