Bihar News: पशु चिकित्सा सेवा के सदस्यों की फोटोयुक्त सिविल लिस्ट-2025 का हुआ विमोचन
बिहार पशु और मत्स्य संसाधन विभाग ने पशु चिकित्सा सेवा सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देने वाली सिविल लिस्ट 2025 लॉन्च की है, ताकि पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जा सके और प्रशासनिक प्रबंधन में सुधार किया जा सके।
पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, बिहार की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने आज विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में बिहार पशु चिकित्सा सेवा के सदस्यों की फोटोयुक्त सिविल लिस्ट-2025 का औपचारिक विमोचन किया। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पशु चिकित्सा सेवा से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।

अपने बिहार राज्य में पशुओं की देखभाल और चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में बिहार पशु चिकित्सा सेवा के सदस्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। विभाग ने महसूस किया कि सेवा में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और प्रशासनिक कार्यों की सुविधा के लिए एक समेकित सिविल लिस्ट का प्रकाशन आवश्यक है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु सिविल लिस्ट-2025 का प्रकाशन किया गया है।
इस सूची में बिहार पशु चिकित्सा सेवा के अधिकारियों की सेवा से जुड़ी सभी महत्त्वपूर्ण जानकारियाँ समाहित की गई हैं, जैसे—नाम, पदनाम, कोटि क्रमांक, शैक्षणिक योग्यता, ई-मेल आई.डी., अद्यतन मोबाईल नंबर एवं फोटो। यह सूची दिनांक 01.04.2025 को कार्यरत अधिकारियों के आधार पर तैयार की गई है और इसका अंतिम रूप अब विभाग के स्तर से जारी कर दिया गया है।
अपर मुख्य सचिव डॉ. विजयलक्ष्मी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सिविल लिस्ट पारदर्शिता एवं बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वर्षों से इस प्रकार की सूची की प्रतीक्षा की जा रही थी, जो आज पूरी हुई है। उन्होंने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि यह सूची विभागीय कार्यों में मार्गदर्शिका की भूमिका निभाएगी।












Click it and Unblock the Notifications