बिहार: तेजप्रताप यादव ने महाशिवरात्रि पर बजाई बांसुरी, 'कंस' से की नीतीश कुमार की तुलना, देखें Video
नई दिल्ली। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने बिहार के वैशाली में महाशिवरात्रि समारोह का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तुलना कंस से की और लोगों से कहलवाया कि 2020 में उनका वध होगा। जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने स्टेज पर बांसुरी भी बजाई जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब दौड़ रहा है।

गौरतलब है कि त्यौहारों पर अलग-अलग वेशभूषा धारण करने की वजह से तेजप्रताप यादव सुर्खियों में रहते हैं। इस बार महाशिवरात्री समारोह में उन्होंने बांसुरी बजाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया और तालियां भी बंटोरी। कार्यक्रम में उन्होंने विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए जेडीयू प्रमुख और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोला। नीतीश कुमार पर विवादित बयान देते हुए उन्होंने कहा, जिस तरह कंस का सफाया हुआ था, वैसे ही 2020 के विधानसभा चुनाव में इनका भी सफाया होगा। तेजप्रताप ने मंच से लोगों से पूछा कि इस बार 2020 में किसका वध होगा? इसके जवाब में वहां मौजूद लोगों ने सीएम नीतीश कुमार का नाम लिया।
शरद यादव को लेकर गठबंधन में दरार
इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में सियासत गरमाती दिखाई दे रही है। आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा द्वारा शरद यादव को महागठबंधन का नेता बनाने की मांग करने वाले बयान के बाद सियासी पारा चढ़ने लगा है। इस बयान पर लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी ने भी साफ कर दिया है कि गठबंधन का चेहरा तेजस्वी यादव ही होंगे। आरजेडी ने कहा कि शरद यादव उनकी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में थे और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी भूमिका निभाते रहे हैं।
पार्टी ने उन अटकलों को भी विराम दे दिया जिसमें कहा जा रहा था कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए रणनीतिकार प्रशांत किशोर को शामिल किया जा सकता है। इस अटकलों पर पार्टी ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए उसे 'इवेंट मैनेजर' की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, शुक्रवार को उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी और मुकेश साहनी से मुलाकात करने वाले शरद यादव ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
यह भी पढ़ें: बिहार में कन्हैया, तेजस्वी और चिराग के बीच 'यात्रा प्रतियोगिता’, कौन जीतेगा वोट की रेस












Click it and Unblock the Notifications