तेज प्रताप का बड़ा आरोप, बोले- मेरे पिता लालू यादव को दिल्ली में बंधक बनाकर रखा गया
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर। आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव ने शनिवार को पार्टी के नेताओं पर बड़ा आरोप लगाया है। तेज प्रताप ने मीडिया में कहा है कि मेरे पिता लालू प्रसाद यादव अस्वस्थ हैं लेकिन पार्टी के कुछ नेताओं ने उन्हें दिल्ली में बंधक बनाकर रखा है।

तेज प्रताप ने कहा कि पार्टी में 4-5 लोग हैं जिन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का सपना देखा है मुझे उनका नाम लेने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि यह सभी को पता है। करीब एक साल पहले उन्हें (लालू प्रसाद यादव) जेल से रिहा किया गया था लेकिन दिल्ली में बंधक बना लिया गया है। तेज प्रताप यादव ने इशारों ही इशारों में अपने भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर पिता को बंधन बनाने का बड़ा आरोप लगाया है। तेज प्रताप ने अपने बयान में किसी का नाम लिए बिना कहा कि इसका कोई फायदा नहीं है क्योंकि वो कौन हैं सभी जानते हैं और सच्चाई से वाकिफ हैं।
बता दें कभी दोनों भाईयों की जोड़ी 'कृष्ण और अर्जुन' की जोड़ी मानी जाती थी लेकिन पार्टी में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर अंदाजा लगाया जा रहा है दोनों भाइयों के बीच मतभेद शुरू हो चुका है। अगर इसमें सच्चाई है तो ये पहला मौका है जब दोनों के बीच दूरियां की खबर सामने आई है।
तेज प्रताप ने ये बात संगठन छात्र जनशक्ति परिषद की पटना में आयोजित कार्यशाला के बाद प्रेस से मुखातिब होते समय कही/ कार्यशाला का आयोजन 'राजनीति सीखो, नेतृत्व करो' विषय आयोजित किया गया था। तेज प्रताप ने इस अवसर पर अपने पुराने संगठन धर्म निरपेक्ष स्वयं सेवक संघ (डीएसएस) का विलय भी परिषद में करने का भी ऐलान किया।
तेज प्रताप ने कहा राजद को जनता से दूर कर दिया गया है। पिताजी रहते थे तो हमारे घर का दरवाजा खुला रहता था। वह आउटहाउस में बैठे रहते थे और जनता से मिलते जुलते रहते थे लेकिन, अब कुछ लोगों ने क्या किया? जनता से मिलने के लिए रस्सा बंधवाया जाता है। लोग चाहते हैं कि जनता हमसे दूर रहे।
तेज प्रताप ने ये भी कहा कि जेल से छूटने के बाद से मेरे पिता लालू प्रसाद यादव दिल्ली में हैं। मैने उनसे कहा आप पटना घर चहिए हम सब साथ रहेंगे लेकिन हमारे पिता को आने नहीं दे रहे हैं। वो लोग दिल्ली में मेरे पिता को बंधक बना कर रखे हैं। मेरे पिता को जेल से छूटे एक साल होने वाला है लेकिन वो अपने घर पटना नहीं आ पा रहे हैं।
तेज प्रताप ने कहा राजद में जो काम हो रहा है उससे हमारा संगठन बढ़ेगा ही नहीं बल्कि टूट जाएगा। ऐसे काम नहीं चलेगा। मेरे पिता बीमार हैं इसलिए हम उन्हें तनाव नहीं देना चाहते हैं जिसका कुछ लोग नजायज लाभ उठा रहे है।
पहले भी तेज प्रताप एक प्रोग्राम में राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद के खिलाफ बयान दे चुके हैं। तेज ने कहा था मेरे भाई तेजस्वी के आस-पास रहने वाले लोग उनसे मिले नही देते हैं। वो दो भाईयों के बीच दरारा डाल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications