'शर्मनाक और अमानवीय', मुजफ्फरपुर शेल्टर होम केस पर नीतीश सरकार को सुप्रीम कोर्ट की फटकार
नई दिल्ली। बिहार में जिस तरह से महिला शेल्टर होम में लड़कियों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया था, उसके बाद सु्प्रीम कोर्ट ने नीतीश सरकार को फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जिस तरह का रवैया बिहार सरकार ने इस मामले में अपनाया है वह शर्मनाक और अमानवीय है सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने इस मामले में नीतीश सरकार की आलोचना की है। बेंच की अध्यक्षता कर रहे जस्टिस बी लोकुर ने कहा कि बिहार सरकार ने इस मामले में बेहद ही कमजोर एफआईआर दर्ज की है।

कोर्ट ने बिहार सरकार के रुख को अमानवीय और शर्मनाक करार दिया है। जिस तरह से बिहार सरकार ने इस मामले में सख्त रुख नहीं दिखाया और एफआईआर में बेहद ही कमजोर धाराएं लगाई गई हैं वह शर्मनाक है। कोर्ट ने कहा कि आखिर इस मामले में सरकार की ओर से एफआईआर में आईपीसी की धारा 377 को शामिल नहीं किया गया।
टिस के खुलासे के बाद दर्ज हुआ मामला
गौर करने वाली बात है कि इस मामले में एफआईआर टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज की रिपोर्ट के खुलासे के बाद दर्ज की गई थी। रिपोर्ट में इस बात का खुलासा किया गया था कि आखिर कैसे बिहार के शेल्टर होम में लड़के और लड़कियों का शोषण किया गया था।आपको बता दें कि यह मामला उस वक्त सामने आया था जब मुजफ्फरपुर स्थित एक शेल्टर होम के भीतर लड़कियों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया था। इस शेल्टर होम का मालिक ब्रजेश ठाकुर था।
कोर्ट ने जताई नाराजगी
आज इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका को सामने रखा गया, जिसमे कहा गया था कि इस मामले में बेहद कमजोर एफआईआर दर्ज की गई है, यही नहीं आईपीसी की धारा 377 को भी इसमे शामिल नहीं किया गया है। याचिकाकर्ता ने कहा इस मामले में काफी नरम धाराओ के तहत एफआईआर दर्ज की गई है, जिसपर सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की।
जस्टिस लोकुर ने जमकर लताड़ा
जस्टिस लोकुर ने बिहार सरकार से पूछा आप क्या कर रहे हैं, यह बेहद शर्मनाक है, अगर किसी बच्चे के साथ शोषण हुआ है और आप कहते हैं कुछ हुआ ही नहीं है, आप ऐसा कैसे कर सकते हैं, यह अमानवीय है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने पूछा आखिर क्यों इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, जब टिस ने इस मामले में अपनी रिपोर्ट मई माह में सरकार को सौपी थी। कोर्ट ने यह भी कहा कि वह इस मामले की जांच सीबीआई को दे सकती है। गौर करने वाली बात है कि सीबीआई फिलहाल मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले की जांच कर रही है। इस मामले की अगली सुनवाई कल होगी होगी।












Click it and Unblock the Notifications