Pune Water Cut: पुणे में मंडरा रहा जल संकट, डैम में बचा सिर्फ 20% पानी, वॉटर सप्लाई पर क्या होगा असर?
Pune Water Cut: पुणे के लोगों के लिए आने वाले दिन थोड़े मुश्किल भरे हो सकते हैं। अगर आप भी पुणे में रहते हैं, तो अब से पानी जरा संभलकर खर्च कीजिए। शहर को पानी सप्लाई करने वाले बांधों (डैम) में पानी का लेवल तेजी से नीचे जा रहा है, जिससे पुणे पर भारी पानी कटौती का खतरा मंडराने लगा है।
पुणे महानगरपालिका (PMC) शहर में पानी की कटौती लागू करने की पूरी तैयारी में है। हालांकि, पुणेकरों को इस संकट का सामना करना पड़ेगा या नहीं, इसका आखिरी फैसला अगले 1 से 2 दिनों में होने वाली सभी पार्टियों (All-Party) के नेताओं की एक बड़ी बैठक में तय होगा।

खड़कवासला चेन में बचा सिर्फ 20 फीसदी पानी
पुणे की प्यास बुझाने वाली खड़कवासला बांध साखली (डैम चेन) के 4 मुख्य बांधों में पानी का स्टॉक गुरुवार को गिरकर सिर्फ 5.5 TMC (अब्ज घनफुट) रह गया है। यह इन बांधों की कुल क्षमता का 20 प्रतिशत से भी कम है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रशासन को सख्त आदेश दिए हैं कि जो भी पानी बचा है, उसका मैनेजमेंट इस तरह किया जाए कि वह 31 अगस्त तक चल सके। इसी वजह से जल संसाधन विभाग ने पुणे और पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका को पहले ही 15% पानी कटौती का नोटिस भेज दिया है।
इस साल कम बारिश का अनुमान, अल नीनो का साया
मौसम विभाग (IMD) के नए अनुमान ने चिंता और बढ़ा दी है। इस साल जून से सितंबर के बीच 'अल नीनो' (El Nino) के असर के कारण सामान्य से कम, यानी केवल 90 फीसदी बारिश होने का अंदाजा है। अगर मानसून आने में देरी होती है या पानी कम बरसता है, तो पुणे की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
इसी संभावित संकट को देखते हुए वॉटर सप्लाई विभाग के चीफ इंजीनियर नंदकिशोर जगताप ने म्युनिसिपल कमिश्नर नवलकिशोर राम के सामने शहर में 'एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई' (अल्टरनेट डे वॉटर सप्लाई) करने का प्रस्ताव रखा है।
पुणे महानगरपालिका की क्या है तैयारी?
बुधवार को हुई एक हाई-लेवल मीटिंग में पानी की किल्लत से निपटने के लिए पीएमसी (PMC) ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। सभी सुपरिटेंडेंट और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर्स को अपने-अपने इलाके का माइक्रो-प्लान (सूक्ष्म आराखडा) बनाने को कहा गया है।
अगर एक दिन छोड़कर पानी देने का नियम लागू होता है, तो किस इलाके को किस दिन और कितने समय पानी मिलेगा, इसका पूरा टेक्निकल चार्ट तैयार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications