बिहार में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की अनुशंसाओं पर 15 दिनों में कार्रवाई के निर्देश

बिहार के विकास नेतृत्व ने सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की, लाइसेंस निलंबन को तेज किया, ज़ेब्रा क्रॉसिंग और अंडरपास का विस्तार किया, सीसीटीवी तैनाती और ट्रॉमा केयर उन्नयन किया। इसका उद्देश्य उल्लंघनों पर तेजी से कार्रवाई करना, स्कूल परिवहन को सुरक्षित बनाना और जिलों में प्रबंधन में सुधार करना है।

पटना, 29 अक्टूबर 2026: बिहार सरकार ने राज्य में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था मजबूत करने के लिए सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में लीड एजेंसी, बिहार सड़क सुरक्षा परिषद की कार्यपालक समिति की बैठक आयोजित की गई।

Bihar Tightens Traffic Rules in 2026

बैठक में यातायात प्रबंधन, वाहन चालकों के प्रशिक्षण, विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्यों और सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की समीक्षा की गई। विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, राज्य में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15,680 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित अथवा रद्द करने की कार्रवाई की गई है। विकास आयुक्त ने परिवहन विभाग को लाइसेंस निलंबन के लिए प्राप्त अनुशंसाओं पर 15 दिनों के भीतर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध अभियान तेज करने पर भी जोर दिया।

इसके अलावा, निलंबित या रद्द लाइसेंस के बावजूद वाहन चलाते पकड़े जाने पर संबंधित वाहन को जब्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जेब्रा क्रॉसिंग और अंडरपास निर्माण की समीक्षा

बैठक में जेब्रा क्रॉसिंग, रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर और सड़क चिह्नांकन जैसे सुरक्षा उपायों की प्रगति की समीक्षा की गई।

एक प्रतिवेदन के अनुसार, 4,363 स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण या पुनः चिह्नांकन पूरा किया जा चुका है, जबकि 138 स्थानों पर कार्य प्रस्तावित है। वहीं, पथ निर्माण विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से उपलब्ध कराए गए दूसरे प्रतिवेदन के अनुसार, 5,124 जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण या पुनः पेंटिंग पूरी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त 161 स्थानों पर काम चल रहा है और 1,060 स्थानों पर कार्य प्रस्तावित है।

वाहनों और पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 474 व्हीकल अंडरपास (VUP) का निर्माण पूरा हो चुका है। 219 अंडरपास निर्माणाधीन हैं, जबकि 11 प्रस्तावित हैं। इसी तरह, 170 पैदल यात्री अंडरपास (PUP) बनाए जा चुके हैं। इनमें पथ निर्माण विभाग के 30 और एनएचएआई के 140 अंडरपास शामिल हैं। एनएचएआई के अंतर्गत 27 पैदल यात्री अंडरपास का निर्माण जारी है।

संबंधित एजेंसियों को शेष कार्यों में तेजी लाने और सड़क सुरक्षा उपायों के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

29 जिलों में 307 स्थानों पर लगेंगे सीसीटीवी और ट्रैफिक लाइट

यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए राज्य के 29 जिलों में 307 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक लाइट लगाने के लिए स्थलों का चयन किया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से तैयार सूची नगर विकास एवं आवास विभाग को उपलब्ध करा दी गई है।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में 58 हाईवे पेट्रोल वाहनों की खरीद प्रक्रिया पूरी कर उन्हें तैनात किया गया है।

पुलिसकर्मियों और वाहन चालकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

औरंगाबाद स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR) के माध्यम से चालू वित्तीय वर्ष में 1,600 पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत प्रशिक्षण के लिए भेजे गए पुलिसकर्मियों के सात बैचों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।

वाहन चालकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत मई से प्रत्येक महीने एक दिन सरकारी और दो दिन निजी वाहन चालकों के प्रशिक्षण के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस कार्यक्रम में पुलिस वाहन चालकों को भी शामिल किया गया है। अब तक कुल 7,985 वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

स्कूल बसों की सुरक्षा पर विशेष जोर

स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयी बसों में निर्धारित बैठने की क्षमता प्रदर्शित कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

पहले प्रतिवेदन के अनुसार, राज्य की कुल 10,162 स्कूल बसों में से 8,547 बसों में बैठने की क्षमता प्रदर्शित की जा चुकी है। शिक्षा विभाग को शेष बसों में भी निर्धारित क्षमता प्रदर्शित कराने का निर्देश दिया गया।

स्कूलों और महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पहले ही 983 रोड सेफ्टी एंबेसडर और 253 नोडल पदाधिकारियों का चयन किया जा चुका है।

दुर्घटना पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सहायता देने की तैयारी

बैठक में सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य की ट्रॉमा केयर व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा हुई। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की ट्रॉमा केयर व्यवस्था का अध्ययन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराया गया है। बिहार में ट्रॉमा केयर सुविधाओं को बेहतर बनाने और निजी अस्पतालों को समर्पित ट्रॉमा बेड स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में आगे की कार्रवाई अपेक्षित है।

विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करने, लंबित कार्यों को समयसीमा के भीतर पूरा करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कदम उठाने और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, एडीजी ट्रैफिक सुधांशु सिंह, परिवहन सचिव राज कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन सहित परिवहन, पथ निर्माण, गृह, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, शिक्षा, नगर विकास एवं आवास विभाग तथा एनएचएआई के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+