बिहार: रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा, बाजार समितियों में किसानों को प्राथमिकता
पटना: बिहार सरकार राज्य में मिट्टी की उर्वरता और कृषि भूमि के संरक्षण के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में पहल कर रही है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने 3 नवंबर को भोजपुर जिले में आयोजित 'खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जन कल्याण संवाद’ कार्यक्रम में कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी की सेहत प्रभावित होती है। इससे बचने के लिए प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करना जरूरी है।

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार बाजार समितियों में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्राथमिकता देने की दिशा में पहल करेगी, ताकि उन्हें अपने उत्पादों के विपणन के बेहतर अवसर मिल सकें।
विजय कुमार सिन्हा ने किसानों से अपील की कि वे अपनी कृषि भूमि के कम-से-कम एक-तिहाई हिस्से में अपने परिवार की जरूरत के अनुसार अनाज और खाद्यान्न का उत्पादन करें। इससे परिवार को शुद्ध खाद्यान्न उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, "खेत बचेंगे, तभी रोटी बचेगी।" खेतों की उर्वरता और कृषि भूमि का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों की खाद्य सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी व्यक्ति की थाली अन्न से खाली न रहे और किसानों की आय में वृद्धि हो।
भोजपुर के 24 स्कूलों में स्थापित होंगी मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं
कृषि मंत्री ने बताया कि भोजपुर जिले के 24 विद्यालयों में मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को मिट्टी की गुणवत्ता, उर्वराशक्ति और पोषक तत्वों की जानकारी मिलेगी। इस पहल से मिट्टी के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वैज्ञानिक तरीके से संतुलित उर्वरकों के इस्तेमाल को प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी।
भोजपुर में 1.14 लाख प्लॉट्स का डिजिटल क्रॉप सर्वे पूरा
कृषि व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने के लिए भोजपुर जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे भी किया जा रहा है। अब तक जिले में 1,14,000 प्लॉट्स का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। इससे फसलों के वास्तविक आच्छादन, कृषि भूमि के उपयोग और फसल संबंधी सटीक आंकड़े उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
1.09 लाख किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई
किसानों की एकीकृत डिजिटल पहचान स्थापित करने के उद्देश्य से भोजपुर जिले में अब तक 1,09,000 किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है। इससे कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ किसानों तक पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पहुंचाने में सहायता मिलेगी। वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत भोजपुर जिले के 1.80 लाख किसानों को लाभान्वित किया जा चुका है।
कृषि मंत्री ने किसानों की समृद्धि के लिए जताई प्रतिबद्धता
कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि 'खेत बचाओ अभियान’ केवल कृषि भूमि के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर व्यक्ति की थाली में भोजन सुनिश्चित करने का संकल्प भी है। सरकार खेतों की उर्वरता बनाए रखने, कृषि को टिकाऊ और लाभकारी बनाने तथा किसानों की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विधायक महेश पासवान, विधान पार्षद राधाचरण साह और जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Click it and Unblock the Notifications
