बिहार: जीतन राम मांझी की पार्टी में कलह, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा
पटना। लोकसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में एक और घमासान देखने को मिल सकता है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रदेश अध्यक्ष ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल और राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान के बीच झगड़ा हुआ है, जिसके बाद दोनों अपने-अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच पश्चिम बंगाल में सीबीआई के मुद्दे पर पार्टी के स्टैंड को लेकर पटेल और रिजवान के बीच कुछ कलह देखने को मिली है। मांझी की पार्टी के दोनों ही वरिष्ठ सदस्यों ने एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
वहीं, एक रिपोर्ट यह भी है कि सीटों के बंटवारे को लेकर पार्टी में फूट देखने को मिली है, जिसके बाद पहले पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और फिर प्रदेश अध्यक्ष पटेल ने अपना-अपना पद छोड़ दिया है। रिजवान ने प्रदेश अध्यक्ष पटेल पर संगीन आरोप लगाते हुए अपने इस्तीफे में उन पर पैसे के बंदरबांट का आरोप लगाया है।
उन्होंने वृषिण पटेल की तुलना दीमक से करते हुए पार्टी को खोखला करने का आरोप लगाया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी को भेजे इस्तीफे में उन्होंने कहा है कि 'पिछले कुछ दिनों से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल अपने चंद लोगों के साथ मिलकर ना केवल दल विरोधी कार्य कर रहे हैं, बल्कि पैसे की लूट मची हुई है।' बताया जाता है कि इस्तीफा देने से पहले दोनों नेताओं के बीच काफी तू-तू, मैं-मैं भी हुई, जिसके बाद रिजवान ने पार्टी में अपने पद से इस्तीफा दे दिया।












Click it and Unblock the Notifications