बिहार के गयाजी में बनेगा चिड़ियाघर, जमुई में सौर ऊर्जा और इस्पात उद्योग की योजना पर भी चर्चा

बिहार सरकार गयजी में एक नए चिड़ियाघर और जमुई और मुंगेर में औद्योगिक गलियारों के लिए जंगल की जमीन के उपयोग पर विचार कर रही है, साथ ही सौर ऊर्जा और इको-टूरिज्म पहलों को भी। विकास और संरक्षण को संतुलित करने के लिए पर्यावरण सुरक्षा और क्षतिपूर्ति वनीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।

पटना: बिहार के गयाजी में चिड़ियाघर बनाने की योजना है। इसके साथ ही जमुई, गयाजी और मुंगेर में औद्योगिक विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 3 नवंबर को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात कर इन परियोजनाओं के लिए वन भूमि के उपयोग से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की।

Bihar uses forest land zoo and industry

बैठक में बिहार में उपलब्ध बंजर वन भूमि का नियमानुसार औद्योगिक और विकासात्मक कार्यों में उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में निवेश, रोजगार और आधारभूत संरचना के विस्तार को बढ़ावा मिल सकता है।

बैठक में गयाजी में 45.9 हेक्टेयर वन भूमि पर चिड़ियाघर निर्माण के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसके लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (Central Zoo Authority) से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा गयाजी जिले के डोभी में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारे के तहत इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। इसके लिए कुल 1,600 एकड़ भूमि में से 1,308.72 एकड़ वन भूमि के अपयोजन का प्रस्ताव है।

जमुई में सौर ऊर्जा और इस्पात उद्योग की योजना

जमुई जिले में प्रस्तावित सौर ऊर्जा और इस्पात उद्योगों की स्थापना के लिए कुल 9,000 एकड़ भूमि की आवश्यकता बताई गई है। इसमें से 4,340 एकड़ वन भूमि के अपयोजन की स्वीकृति का प्रस्ताव बैठक में रखा गया। वहीं, मुंगेर जिले के तारापुर अनुमंडल के संग्रामपुर में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना है। इसके लिए कुल 114 एकड़ भूमि में से 84 एकड़ जंगल-झाड़ भूमि के अपयोजन की स्वीकृति का प्रस्ताव है।

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में एलिवेटेड कॉरिडोर और भीमबांध में ईको टूरिज्म

पश्चिम चंपारण जिले में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के अंतर्गत 5.8 किलोमीटर लंबे मदनपुर-пनियहवा पथ की मरम्मत और इसे प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही मुंगेर जिले के भीमबांध क्षेत्र में ईको टूरिज्म की संभावनाओं को विकसित करने के लिए आवश्यक वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियां प्राप्त करने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया।

पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास पर जोर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिपूरक वनीकरण (Compensatory Afforestation) से जुड़े वैधानिक प्रावधानों और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से सभी प्रस्तावों का शीघ्र परीक्षण करने और नियमानुसार आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति भी प्रतिबद्ध है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+