बिहार चुनाव: जेपी नड्डा के घर पर चल रही है अहम बैठक, अमित शाह भी पहुंचे
नई दिल्ली। बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद प्रदेश में सीटों के बंटवारे को लेकर एनडीए में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता सीट बंटवारे को लेकर सक्रिय हो गए हैं। गृहमंत्री अमित शाह बिहार चुनाव के मद्देनजर पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पहुंचे हैं। जेपी नड्डा के घर पर बिहार चुनाव को लेकर बैठक चल रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में बिहार में एनडीए के सहयोगियों को बनाए रखने और सीटों के बंटवारे पर चर्चा हो सकती है।

सूत्रों के अनुसार जदयू को बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों में से 122 सीटें मिल सकती हैं, जबकि भाजपा के खाते में 121 सीटें आ सकती हैं। नीतीश कुमार की पार्टी जीतन राम मांझी के दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को अपने कोटे से सीट देगी, जबकि भाजपा राम विलास पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी को अपने कोटे से सीट देगी। पिछले कुछ दिनों दिनों की बात करें तो यहां एनडीए गठबंधन में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। नीतीश कुमार और राम विलास पासवान के बेटे चिराग पासवान के बीच तनातनी बनी हुई है। यहां तक कि चिराग ने पिछले हफ्ते सीटों के बंटवारे का तुरंत ऐलान करने का अल्टिमेटम तक दे दिया था।
Recommended Video
गौरतलब है कि बिहार में 28 अक्टूबर, 3 नवंबर, 7 नवंबर को तीन चरणों में मतदान होगा। जबकि चुनाव के नतीजे 10 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। कोरोना संकट में यह देश में पहली बार किसी राज्य में चुनाव होने जा रहे हैं, लिहाजा चुनाव आयोग, प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है कि आखिर महामारी के इस काल में कैसे लोगों को सुरक्षित रखते हुए चुनाव संपन्न कराए जाएं। माना जा रहा है कि मतदान के लिए अतिरिक्त घंटे मुहैया कराए जाएंगे और चुनाव प्राचर के दौरान लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने को कहा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications