बिहार चुनाव: पीएम मोदी का तंज- तेजस्वी का कुर्ता पकड़कर सत्ता में आना चाहती है कांग्रेस
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज हो रहा है। इस बीच सभी पार्टियों ने तीसरे चरण की तैयारी शुरू कर दी है, जो 7 नवंबर को होगा। एनडीए को जीत दिलाने के लिए इन दिनों पीएम मोदी ने भी बिहार में मोर्चा संभाल लिया है। मंगलवार को पीएम मोदी बिहार के अररिया पहुंचे और वहां पर एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला।

पीएम मोदी ने सबसे पहले अररिया की जनता को नमन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि इस बार भी बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है, क्योंकि बिहार के लोगों ने ठान लिया है कि नए बिहार के निर्माण में हमारा साथ देंगे। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जंगलराज और डबल-डबल युवराजों (राहुल गांधी और तेजस्वी) को नकार दिया है। बिहार की जनता जानती है कि कौन देश के लिए काम कर रहा और कौन अपने परिवार के लिए। पीएम मोदी के मुताबिक आज बिहार में रंगदारी, रंगबाजी, अहंकार हार रहा है। आज बिहार में गुंडागर्दी हार रही है और कानून राज लाने वाले जीत रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार वो दिन भूल नहीं सकता जब इन लोगों (महागठबधंन) ने चुनाव को मजाक बना दिया था। ये लोग बिहार के लोगों को वोट देने नहीं देते थे, हर जगह बूथ कैप्चरिंग होती थी। उस दौरान लोग घरों में कैद रहते थे और उनके गुंडे जबरदस्ती मतदान करते थे। बिहार में सही मायने में मत का अधिकार एनडीए सरकार ने दिया है। आज बिहार में वंचित, पिछड़ा, किसी जाति, किसी धर्म के लोग वोट दे सकते हैं। इसके अलावा पीएम ने कांग्रेस पर भी बड़ा तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की हालत ऐसी है कि राज्यसभा और लोकसभा मिलाकर भी उनके 100 सांसद नहीं हैं। बिहार और यूपी जैसे राज्यों में कांग्रेस तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर रहती है। ऐसे में वो बिहार चुनाव में किसी का कुर्ता (तेजस्वी) पकड़कर सत्ता में आना चाहती है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं सोशल मीडिया देखता रहता हूं। इन दिनों बिहार की महिलाएं कह रही हैं कि घर वाले चाहे जिसके साथ जाएं, मैं तो मोदी को वोट दूंगी। कुछ लोगों को ये परेशानी है कि मोदी चुनाव क्यों जीतता है। मोदी चुनाव इसलिए जीतता है क्योंकि माताओं-बहनों की चिंता दूर करने का काम मोदी करता है, इसलिए माताएं मोदी को आशीर्वाद देती रहती हैं और ये गरीब का बेटा, गरीबों की सेवा में अपना जीवन खपाता रहता है। उन्होंने आगे कहा कि अगर बिहार में पुराने हालात होते तो आज गरीब का बेटा भारत का प्रधानमंत्री नहीं बन पाता।












Click it and Unblock the Notifications