नीतीश कुमार का गठबंधन पर बड़ा बयान, सांप्रदायिकता से समझौता नहीं करेंगे
पटना। बिहार में एनडीए के दलों में लगातार जारी उठापटक के बीच नीतीश कुमार ने भाजपा निशाना साधा है। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए नीतीश ने कहा कि गठबंधन की बात छोड़िए, काम की बात करिए। काम किया है और करते रहेंगे लेकिन भी भी अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से समझौता नहीं करेंगे। साथ ही उन्होंने साफ किया कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग वो लगातार करते रहे हैं और इसे आगे भी उठाते रहेंगे क्योंकि ये बिहार के हक में है और जरूरी है।

नीतीश का थ्री सी फॉर्मूला
नीतीश ने पटना में थ्री सी का फॉर्मूला दिया। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में हम गठबंधन की सरकार चला रहे है लेकिन इसका मतलब कतई यह नहीं है कि हम क्राइम, करप्शन और कम्यूनलिज्म से समझौता करके सरकार चलाएंगे, हम इन थ्री सी से समझौता नहीं करेंगे। कुमार ने कहा 'काम करते जाइए, काम की प्रतिबद्धता है और हम काम करते रहेंगे। लेकिन अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से समझौता नहीं करेंगे। बहुत से लोगों को गठबंधन पर परेशानी होने लगी है। गठबंधन को छोड़िए, काम को देखिए। हम विकास को आगे लेकर बढ़ रहे हैं। हम लोगों की सेवा करते हैं। हम लोगों की सेवा में लगे हुए हैं।'

विशेष राज्य का दर्जा मांगते रहेंगे
नीतीश कुमार ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर भी अपना पक्ष रखा। नीतीश कुमार के मुताबिक मैं बिहार के लिए विशेष दर्जे की मांग हमेशा से उठाता रहा हूं। और आगे भी अपनी इस मांग को लेकर आवाज उठाता रहूंगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के कामों को विज्ञापन के जरिए लोगों तक पहुंचाने के लिए हमें किसी भी प्रकार के विज्ञापन की आवश्यकता नहीं है क्योंकि जनता की भलाई में किए गए काम अपने आप ही प्रचलित हो जाते है इसके लिए हमें प्रचार पर पैसे लगाने की आवश्यकता नहीं है।

बिहार में गठबंधन को लेकर है तनातनी
बिहार में एनडीए के दलों में 2019 लोकसभा में सीटों को लेकर तनातनी चल रही है। बीजेपी के पास बिहार की 40 में से सर्वाधिक 22 सीटें हैं, जबकि रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के पास सात और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के पास दो सीटें हैं। एनडीए में जदयू के आने के बाद टकराव है। लगातार बयानबाजी भी गठहबंधन के नेता इसको लेकर कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications