बिहार में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, जुलाई में 1.21 लाख से ज्यादा छापेमारी; 6.94 लाख लीटर शराब जब्त
जुलाई में बिहार में शराबबंदी प्रवर्तन अभियान में व्यापक पुलिस सहयोग शामिल था, जिसके परिणामस्वरूप 1,21,199 छापेमारी, 11,586 मामले दर्ज हुए और 13,000 से अधिक गिरफ्तारियां हुईं। अधिकारियों ने 6,94,355 लीटर शराब जब्त की और 1,000 से अधिक वाहन जब्त किए, जिसमें बढ़ी हुई निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए ड्रोन और मोटरबोट का इस्तेमाल किया गया।
बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी नीति के तहत अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान जारी है। मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने पुलिस के सहयोग से जुलाई महीने में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। विभाग के अनुसार, 1 से 31 जुलाई के बीच राज्य में 1,21,199 छापेमारी की गईं।

इन कार्रवाई के दौरान 11,586 मामले दर्ज किए गए और 13 हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के तहत कुल 6,94,355 लीटर शराब जब्त की गई। जब्त शराब में देसी और विदेशी दोनों प्रकार की शराब शामिल हैं।
अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक हजार से अधिक वाहनों को भी जब्त किया गया। इनमें 809 दोपहिया वाहन समेत तिपहिया, चारपहिया वाहन और ट्रक शामिल हैं।
ड्रोन और मोटरबोट से निगरानी
विभाग के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। शिकायतों के त्वरित निष्पादन के साथ नियमित छापेमारी और सतत निगरानी पर जोर दिया जा रहा है।
सुदूर और संवेदनशील इलाकों में निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, जलमार्गों के जरिए अवैध शराब की आवाजाही पर नजर रखने के लिए मोटरबोट से निगरानी की जा रही है। विभाग का कहना है कि शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications
