महाराष्ट्र में कोरोना के डेली मामलों में 63% की उछाल, देश में भी तेजी से बढ़ रहे हैं मामले
देश में कोरोना को एक बार फिर से गंभीरता से लेने की जरूरत महसूस की जाने लगी है। महाराष्ट्र में एक दिन में 63 फीसदी नए मामले सामने आए हैं। देश में भी इसके मामले बढ़ रहे हैं।

देश में एक दिन में कोरोना के मामलों में 40% से अधिक का इजाफा दर्ज किया गया है। 24 घंटों में 3,016 नए मामले सामने आए हैं। यही नहीं रोजाना की पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 2.73% हो गई है। महाराष्ट्र में तो और भी जबर्दस्त उछाल देखने को मिल रहा है। यहां 24 घंटों में कोरोना के 694 नए मामले सामने आए हैं। यह पिछले साल अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा है। बता दें कि देश में पिछले साल 2 अक्टूबर को कोरोना के 3,375 नए मामले दर्ज किए गए थे।
महाराष्ट्र में कोरोना के डेली मामलों में 63% की उछाल
महाराष्ट्र में कोरोना के डेली मामलों में 63% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं देश में यह 40% से अधिक की रफ्तार से बढ़ गया है। हालांकि, महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक राज्य में 24 घंटों में कोरोना से संबंधित किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। राज्य में फैटिलिटी रेट अभी 1.82% है। इसी तरह से रिकवरी रेट 98.14 फीसदी पर है। पिछले 24 घंटों में कुल 184 मरीज कोविड से स्वस्थ भी हुए हैं।
लक्षणों वाले लोगों की जांच की सलाह
जहां तक देश की बात है तो कोरोना से ठीक होने वालों की दर 98.78 फीसदी पर बनी हुई है। उधर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को कहा है कि कोरोना के मामलों में अचानक वृद्धि को देखते हुए दिल्ली सरकार ने कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। राजधानी में कोविड की मौजूदा हालात पर एक आपातकालीन बैठक के बाद उन्होंने अस्पतालों को सलाह दी है कि जिस भी मरीज में कोविड-19 के लक्षण दिखें, उनकी जांच जरूर करवाएं।
Recommended Video
घबराने की आवश्यकता नहीं- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि 'जब भी समय की मांग होगी, हम टेस्टिंग बढ़ाएंगे।' भारद्वाज ने कोविड पर यह आपात बैठक तब बुलाई, जब बुधवार को राजधानी में कोविड के डेली के मामले एक दिन में 300 बढ़ गए। सितंबर के बाद इतनी संख्या में कोरोना मरीज पहली बार सामने आए हैं। हालांकि, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री कहा है कि कोविड के बढ़ते मामलों की वजह से घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा है कि मामले बढ़ने के संकेत तो हैं, लेकिन वे लोग पूरी तरह से तैयार हैं।
इससे पहले सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री राजेश भूषण ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की थी और इससे संबंधित तैयारियों की समीक्षा की थी। उन्होंने कोरोना की जांच बढ़ाने और आरटी-पीसीआर जांच को प्रमुखता देने पर भी जोर दिया था और पॉजिटिव सैंपलों की जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भी कहा था।












Click it and Unblock the Notifications