Karnataka: कर्नाटक में प्रदर्शनकारियों ने शिवमोगा में किया रोड ब्लॉक, धारा 144 लागू, भारी फोर्स तैनात
कर्नाटक के बंजारा और भोवी समुदाय के लोगों ने शिवमोगा में येदियुरप्पा के घर और दफ्तर के बाहर हिंसक विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद शिवमोगा के कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने रोड ब्लॉक कर दिया है।

Karnataka Protest: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण के मुद्दे पर घमासान शुरू हो चुका है। बंजारा समुदाय के आंदोलनकारियों ने राज्य के शिवमोगा में बड़ा विरोध-प्रदर्शन किया है। सोमवार को आरक्षण के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के घर पर पत्थरबाजी हुई। बंजारा और भोवी समुदाय के लोगों ने शिवमोगा में येदियुरप्पा के घर और दफ्तर के बाहर हिंसक विरोध प्रदर्शन किए। इसके बाद इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। शिवमोगा के कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने रोड ब्लॉक कर दिया है। हिंसक प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा है।
दरअसल, बंजारा समुदाय के आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को जिले के शिकारीपुरा कस्बे में भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के घर को निशाना बनाया और अनुसूचित जाति (SC) के लिए घोषित आंतरिक आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान जमकर पथराव किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। कस्बे में सीआरपीसी की धारा 144 के लागू कर दी गई है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हिंसा के पीछे कांग्रेस का हाथ बताया है।
मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि, 'स्थानीय कांग्रेस नेता लोगों को भड़का रहे हैं। हर समुदाय के साथ किए गए सामाजिक न्याय को कांग्रेस पचा नहीं पा रही है और उसने हिंसा भड़काने का सहारा लिया। बंजारा समुदाय को किसी अफवाह के झांसे में नहीं आना चाहिए।' येदियुरप्पा ने कहा कि गलतफहमी के कारण यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि वह मंगलवार को शिकारीपुरा जाएंगे और वहां बंजारा समुदाय के नेताओं से बात करेंगे।
वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे लोगों को को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं। बंजारा समुदाय के कुछ सदस्य, जिन्हें लमानी या लम्बानी के नाम से भी जाना जाता है, घायल हो गए। आंदोलनकारियों के रूप में मौजूद अधिकांश युवाओं ने येदियुरप्पा के घर के आसपास पथराव का सहारा लिया, जिससे कुछ खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।












Click it and Unblock the Notifications