25 दिन बाद तिहाड़ जेल से रिहा हुए भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद
नई दिल्ली। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद को 25 दिनों बाद गुरुवार शाम दिल्ली की तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया। इससे पहले चंद्रशेखर आजाद को कल बुधवार को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट से जमानत मिल गई थी। कोर्ट ने अपनी सशर्त जमानत में कहा था कि चंद्रशेखर अगले 4 सप्ताह तक दिल्ली में नहीं रहेंगे। चंद्रशेखर आजाद पर 20 दिसंबर को जामा मस्जिद में सीएए विरोधी प्रदर्शन के दौरान लोगों को भड़काने का आरोप है।

तिहाड़ जेल से रिहाई के बाद भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि, 'कल 1 बजे मैं जामा मस्जिद जाऊंगा, उसके बाद रविदास मंदिर, गुरुद्वारा और चर्च भी जाऊंगा। हमारा आंदोलन संविधानिक रूप से जारी जब तक कि ये कानून वापस नहीं ले लिया जाता। जो लोग मुल्क को बांटना चाहते हैं हम उनके खिलाफ हैं। कोर्ट ने आजाद को 25 हजार रुपये का जमानत बॉन्ड पेश करने पर जमानत दी है। आजाद को जमानत देते हुए बुधवार को अदालत ने कहा कि वो चार हफ्तों तक दिल्ली नहीं आ सकेंगे और चुनावों तक कोई धरना आयोजित नहीं करेंगे।
इसके अलावा कोर्ट ने यह भी कहा कि सहारनपुर जाने से पहले आजाद जामा मस्जिद समेत दिल्ली में कही भी जाना चाहते हैं तो पुलिस उन्हें एस्कॉर्ट करेगी। बता दें कि, आजाद को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा में शामिल होने के संदेह में पिछले महीने दरियागंज से गिरफ्तार किया था। उनको जामा मस्जिद के बाहर से गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने यह भी कहा कि जब तक मामले में चार्जशीट दायर नहीं होती है, तब तक वो हर शनिवार को सहारनपुर में एसएचओ के सामने हाजिरी देंगे।












Click it and Unblock the Notifications