बारिश में डूबे बेंगलुरु से आई दिल छूने वाली तस्वीर, शख्स ने दिखाया बेजुबान को रास्ता, Video
बेंगलुरु, 7 सितम्बर। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु का हाल बेहाल है। बेंगलुरु में हर तरफ हैरान करने वाला नजरा है लेकिन इसी दौरान शहर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर एक बार आपका दिल खुश हो जाएगा। ये नजारा एक इंसान और बेजुबान के बीच हजारों साल से चले आ रहे प्यार का भी प्रमाण है कि कैसे इंसान मुश्किल घड़ी में इन बेजुबानों की मदद कर रहा है।

इंसान और जानवर के प्यार की तस्वीर
मुश्किल दौर में भी इंसान और कुत्ते के बीच अनोखे प्यार को दिखाने वाला ये वीडियो उजाले की किरण की तरह है। यह वीडियो देखकर न केवल आप मुस्कराएंगे बल्कि आपका मानवता में विश्वास बना रहेगा। इस वीडियो को एक्ट्रेस से राजनेता बनीं दिव्या स्पंदना उर्फ राम्या ने शेयर किया है।

शख्स ने कुत्ते को दिखाया रास्ता
राम्या के ट्विटर पेज पर शेयर किए गए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पानी से भरी सड़क में एक शख्स एक गली के आवारा कुत्ते को रास्ता दिखाते हुए उसे सुरक्षित जगह की ओर लेकर जा रहा है। इसके ऊपर राम्या ने कैप्शन दिया है "निराशा के समय में दया"
वीडियो को खबर लिखे जाने तक 10 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं औ यह संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है।
बारिश से शहर का बुरा हाल
वीडियो पर ट्विटर यूजर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा "केवल लोग ही नहीं जानवर भी समस्या का सामना कर रहे हैं।" एक अन्य यूजर ने लिखा "दुखी हूं"।
बता दें बारिश के चलते बेंगलुरु बेहाल है। राम्या ने इसके साथ ही बेंगलुरु की दशा को दिखाते हुए एक और वीडियो शेयर किया है जिसमें दिख रहा है कि किस तरह से अपार्टमेंट के नीचे पार्किंग में पानी घुस गया है और वहां खड़ी गाड़ियां डूबी हुई हैं।

महंगी गाड़ियां पानी में डूबी
शहर से कई वीडियो ऐसे सामने आए हैं जिसमें मर्सिडीज और बीएमडब्ल्यू जैसी महंगी गाड़ियां पानी में डूबी हुई खड़ी नजर आ रही हैं। इस बीच अभी जल्द हालात ठीक होते नजर नहीं आ रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) अगले कुछ दिनों तक दक्षिण भारत में बारिश की संभावना जताई है जिससे लोग शहर में बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर चिंतित हैं।
अनएकेडमी के सीईओ का परिवार ट्रैक्टर पर निकला
भारत का आईटी हब कहे जाने वाली बेंगलुरु में बारिश ने ऐसा कहर बरपाया है कि हजारों करोड़ का टर्नओवर दिखाने वाली कम्पनियों के कर्मचारियों को ट्रॉली पर बैठकर ऑफिस से निकलना पड़ा। एक दिन पहले ही अनएकेडमी के सीईओ का परिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया।












Click it and Unblock the Notifications