बंगाल: बीजेपी में शामिल होने के 3 दिन बाद मिथुन की सुरक्षा बढ़ी, अब मिलेगा Y प्लस सिक्योरिटी कवर
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियां तेज हैं, जहां इस महीने के अंत में वोटिंग होगी। जिसके लिए सभी पार्टियों के नेता वोटर्स को लुभाने में जुटे हैं। पिछले हफ्ते बॉलीवुड के सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती ने भी बीजेपी का दामन थामा था। साथ ही ऐलान किया था कि वो जल्द ही प्रचार में जुट जाएंगे। इसके अलावा जनता को उसका हक दिलाएंगे। इस बीच बुधवार को गृह मंत्रालय ने मिथुन की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा फैसला लिया, जिसके तहत उनको अब Y+ कैटेगरी की सुरक्षा का कवर रहेगा।

जानकारी के मुताबिक गृह मंत्रालय ने सुरक्षा समीक्षा करने के बाद मिथुन की सुरक्षा और बढ़ाने के फैसला किया है। जिसके तहत उन्हें Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिलेगी। इस सुरक्षा कवर में आर्म्ड पुलिस के 11 कमांडो तैनात किए जाते हैं। इसके अलावा 58 पुलिस के स्टैटिक जवान वीआईपी की सुरक्षा के लिए उनके घर और आसपास रहते हैं। साथ ही 6 पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर तीन शिफ्ट में ड्यूटी करते हैं। मिथुन के अलावा बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। वहीं एक दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक बंगाल में अब तक केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 60 से ज्यादा नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई है।
12 तारीख से करेंगे प्रचार
रविवार को कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक भव्य रैली की थी। जिसमें मिथुन भी शामिल हुए। उस दौरान उन्होंने कहा था कि 12 मार्च से प्रचार अभियान शुरू हो रहा है। मैं इसमें शामिल होऊंगा। अगर आपने फटाकेस्तो (मिथुन चक्रवर्ती अभिनीत सीरीज) देखी है तो आप समझ जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में जो भी रहता है वो हर कोई बंगाली है। जो यहां पर बड़ा हुआ है, यहां रह रहा, उसका बंगाल की हर चीज पर हक है। उन्होंने कहा कोई आपका हक छीनेगा तो हम खड़े हो जाएंगे। मेरा नाम मिथुन चक्रवर्ती है और मैं जो कहता हूं वह करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications