Amarnath Yatra से तीन दिन पहले ना'पाक' हरकत, BSF ने घुसपैठिए को मार गिराया
सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने अमरनाथ यात्रा 2022 (amarnath yatra) से तीन दिन पहले पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया है। पाक घुसपैठिया जम्मू कश्मीर में इंटरनेशनल बॉर्डर के पास ढेर हुआ।
जम्मू, 27 जून : अमरनाथ यात्रा से तीन दिन पहले, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने जम्मू-कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। बीएसएफ ने बताया कि रविवार आधी रात के बाद करीब 12.10 बजे बीएसएफ के जवानों ने बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) बकारपुर के सामान्य इलाके में बाड़ के पार संदिग्ध गतिविधियां देखीं, इसके बाद एक शख्स को देखा गया। रूकने की चेतावनी को शख्स ने अनसुना किया, जिसके बाद बीएसएफ की ओर से फायरिंग की गई और इंटरनेशनल बॉर्डर पर घुसपैठ की ताक में संदग्ध शख्स ढेर हो गया।

BSF ने दी चुनौती, अनदेखी पर फायरिंग
सोमवार सुबह जारी बीएसएफ के बयान में कहा गया, "हमारी डॉमिनेशन पार्टी (domination party) ने रात में एक व्यक्ति को पाकिस्तान की ओर से आक्रामक तरीके से बाड़ को पार करने के इरादे से बाड़ की ओर आते देखा। बीएसएफ पार्टी ने उसे रोकने के लिए चुनौती दी, लेकिन उसने इस पर ध्यान नहीं दिया और बाड़ की ओर बढ़ना जारी रखा।"
इंटरनेशनल बॉर्डर पर घुसपैठिया ढेर
चेतावनी अनसुनी करने के बाद बीएसएफ के पास कोई विकल्प नहीं बचा था। ऐसे में बीएसएफ जवानों ने घुसपैठिए पर तीन राउंड फायरिंग की। गोली लगने पर घुसपैठिया इंटरनेशनल बॉर्डर की बाड़ के पास ढेर हो गया।
Recommended Video
Amarnath Yatra से पहले घुसपैठ !
बीएसएफ ने बताया, सुबह-सुबह बीएसएफ के सर्च दल ने इलाके की जांच के दौरान बाड़ के पास पाकिस्तानी घुसपैठिए का शव बरामद हुआ। मृतक के पास से कुछ भी आपत्तिजनक बरामद नहीं हुआ है। आगे की प्रक्रिया के लिए शव पुलिस को सौंप दिया गया है। गौरतलब है कि घुसपैठ की कोशिश अमरनाथ यात्रा के तीन दिन पहले होना चौंकाने वाला है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों का कहना है कि वे हर दुस्साहस का माकूल जवाब देने के लिए मुस्तैद हैं।
चीनी हथियार के साथ गिरफ्तारी
बता दें कि इससे पहले सोमवार सुबह जम्मू कश्मीर पुलिस ने डोडा में सुरक्षाबलों के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक आतंकी को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार शख्स के पास से चीनी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications