इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से डेटा डिलीट न करें कर्मचारी, IT सर्वे के बीच BBC ने एंप्लॉय को किया मैसेज
बीबीसी ने अपने एक इंटरनल मैसेज के जरिए कर्मचारियों को जांच के लिए तैयार रहने और टैक्स आफिसर्स के साथ सहयोग करने के लिए कहा है।

IT survey at BBC offices: बीबीसी इंडिया के दिल्ली और मुंबई के दफ्तरों में आज तीसरे दिन भी आयकर विभाग (IT) का सर्वे ऑपरेशन जारी है। कथित कर चोरी को लेकर आयकर की जांच का सामना कर रहे ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन ने अपने भारतीय कार्यालयों के कर्मचारियों से कहा है कि वे अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से कोई भी डेटा डिलीट न करें। आयकर विभाग के अधिकारी आज लगातार तीसरे दिन दिल्ली और मुंबई में के कार्यालयों में सर्वेक्षण अभियान चला रहे हैं, जिसमें अब तक कुल मिलाकर 50 घंटे से अधिक समय लग चुका है।
बीबीसी ने कर्मचारियों को किया इंटरनल मैसेज
बीबीसी की ओर से 15 फरवरी को भेजे गए एक इंटरनल मैसेज के जरिए कंपनी ने अपने कर्मचारियों को जांच के लिए तैयार रहने और टैक्स आफिसर्स के साथ सहयोग करने के लिए कहा है। सूत्रों ने बताया कि, मंगलवार को अपने कार्यालयों में आई-टी सर्वे शुरू होने के बाद से बीबीसी ने भारत में अपने कर्मचारियों को दो 'आंतरिक संचार' (internal communications) भेजे हैं। सूत्रों ने बताया कि, बीबीसी ने अपने दिल्ली और मुंबई कार्यालयों में कर्मचारियों को "निर्देशों" की एक सूची भी भेजी है।
कंपनी काउंसलर के संपर्क में रहने का किया आग्रह
सर्वेक्षण के बाद अपने पहले संचार में, बीबीसी ने कर्मचारियों को आई-टी कार्रवाई के बारे में सूचित किया और उन्हें इस घटनाक्रम के कारण 'मानसिक और भावनात्मक उत्पीड़न' का अनुभव होने पर समर्थन का आश्वासन दिया। साथ ही ब्रॉडकास्टर ने ऐसे कर्मचारियों से कंपनी काउंसलर के संपर्क में रहने का भी आग्रह किया।
सर्वे टीम ने जब्त कर लिए थे मोबाइल फोन
बीबीसी के दफ्तरों में मंगलवार को जब सर्वे का काम शुरू हुआ तो दिल्ली के दफ्तर में काम करने वाले कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए और उन्हें घर जाने को कहा गया. अंतरराष्ट्रीय कराधान और बीबीसी सहायक कंपनियों के हस्तांतरण मूल्य निर्धारण से संबंधित मुद्दों की जांच करने के लिए कर अधिकारी मंगलवार को सुबह 11:30 बजे दिल्ली और मुंबई स्थित बीबीसी कार्यालयों में पहुंचे।
संपादकीय कार्य में आईटी ने नहीं किया हस्तक्षेप
सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग द्वारा सर्वेक्षण अभियान शुरू करने के बाद से टेलीविजन और रेडियो और बुलेटिन सहित प्रसारण सेवाओं के लिए आवश्यक सभी कर्मचारी बीबीसी दिल्ली कार्यालय से काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि संपादकीय कार्य में कोई हस्तक्षेप नहीं किया गया है और संपादकीय कर्मचारियों के आवागमन को प्रतिबंधित नहीं किया गया है। टीम के अधिकारी चुनिंदा कर्मचारियों से वित्तीय डेटा एकत्र कर रहे हैं और समाचार संगठन के इलेक्ट्रॉनिक और पेपर डेटा की प्रतियां बना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications