5-डे बैंकिंग-PLI विवाद पर देशभर के बैंकों की हड़ताल, क्या है बैंक यूनियन की मांग, आम लोगों पर होगा क्या असर?
Bank Strike September 2026: सितंबर में बैंक ग्राहकों के लिए लगातार तीन दिन मुश्किल वाले हो सकते हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 11 सितंबर को देशभर में एक दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। इसके ठीक अगले दिन 12 सितंबर को दूसरा शनिवार है और 13 सितंबर को रविवार है। ऐसे में बैंक शाखाओं में लगातार तीन दिन कामकाज प्रभावित रहेगा।
संगठन में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की कई बड़ी यूनियनें शामिल हैं। यूनियनों का कहना है कि पांच दिन बैंकिंग समेत कई अहम मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इस हड़ताल का सबसे ज्यादा असर बैंक की शाखाओं में होने वाले काम पर पड़ सकता है। कैश जमा करना, कैश निकालना, चेक जमा करना, चेक क्लियरेंस और दूसरी शाखा से जुड़ी सेवाओं में देरी या परेशानी हो सकती है।

क्यों हो रही है हड़ताल?
बैंक यूनियनें पांच दिन बैंकिंग लागू करने, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना यानी PLI में सरकार के दखल को लेकर आपत्ति और दूसरे लंबित मुद्दों के समाधान की मांग कर रही हैं। यूनियनों का कहना है कि सरकार के साथ बातचीत से इन मामलों को सुलझाया जाए। अगर मांगें नहीं मानी गईं तो सितंबर के आखिर में फिर हड़ताल होगी और अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल भी शुरू हो सकती है।
ये भी पढ़ें: आज 11 से 3 बजे तक दिल्ली के 35+ प्रमुख रास्ते रहेंगे बंद, घर से निकलने से पहले जरूर देखें पुलिस का रूट प्लान
क्या है बैंक कर्मचारियों की मांग?
बैंक कर्मचारियों की सबसे बड़ी मांग सभी शनिवार को छुट्टी करने की है। फिलहाल बैंक कर्मचारियों को दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी मिलती है, जबकि पहले और तीसरे शनिवार को काम करना पड़ता है। AIBEA के महासचिव सीएच वेंकटाचलम का कहना है कि बैंक कर्मचारी पांच दिन बैंकिंग के लिए तैयार हैं। इसके बदले वे सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने पर सहमत हैं। यूनियन के मुताबिक इससे शनिवार की छुट्टी मिलने के बावजूद ग्राहकों के लिए बैंकिंग सेवा का कुल समय बनाए रखने में मदद मिलेगी।
समझौता हो चुका, फिर भी फैसला लंबित
वेंकटाचलम के मुताबिक पांच दिन बैंकिंग को लेकर इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच समझौता हो चुका है। 8 मार्च 2024 को हुए समझौते में सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम के जरिए पांच दिन बैंकिंग लागू करने की बात शामिल थी।
यूनियनों का कहना है कि यह प्रस्ताव सरकार के पास भेजा गया, लेकिन दो साल से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इसी देरी को लेकर बैंक कर्मचारी नाराज हैं।
PLI को लेकर भी सरकार से नाराजगी
हड़ताल की दूसरी बड़ी वजह प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन यानी PLI योजना है। सीएच वेंकटाचलम के मुताबिक बैंकिंग व्यवस्था में सेवा शर्तों से जुड़े समझौते यूनियनों और बैंक प्रबंधन के बीच बातचीत के जरिए होते हैं। बैंकों में मुनाफे और प्रदर्शन के आधार पर कर्मचारियों को प्रोत्साहन देने की व्यवस्था भी रही है।
#WATCH | Delhi: On the All India Bank Employees' Association's strikes, General Secretary, AIBEA, CH Venkatachalam says, "...for the past 10 years in banks, the second and fourth Saturdays have been holidays as per our demand, while on the first and third Saturdays, we work full… pic.twitter.com/DyNq6CKGUz
— ANI (@ANI) September 1, 2026
उनके अनुसार बैंक के प्रदर्शन के आधार पर 5, 10 या 15 दिन का प्रोत्साहन दिया जाता रहा है। यह व्यवस्था स्वीपर से लेकर महाप्रबंधक तक कर्मचारियों के लिए एक समान आधार पर लागू होती है। यूनियन का आरोप है कि सरकार ने इस मामले में एकतरफा दखल दिया है। कर्मचारी चाहते हैं कि PLI से जुड़े बदलाव यूनियनों के साथ बातचीत करके किए जाएं।
सिर्फ दो मांगें नहीं, कई मुद्दे लंबित
बैंक यूनियनों की मांग सिर्फ पांच दिन बैंकिंग और PLI तक सीमित नहीं है। यूनियनों ने पेंशन से जुड़े मुद्दों और दूसरी लंबित मांगों को भी बातचीत के जरिए हल करने की मांग की है। यूनियनें सरकार और बैंक प्रबंधन से बातचीत कर समाधान निकालने की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि अगर उनकी मांगों पर कोई रास्ता नहीं निकला तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर?
अगर आपको बैंक शाखा जाकर कोई जरूरी काम करना है तो 11 से 13 सितंबर के बीच परेशानी हो सकती है। खास तौर पर कैश से जुड़े काम, चेक जमा करना, डिमांड ड्राफ्ट, केवाईसी और दूसरी शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। चेक क्लियरेंस में भी देरी हो सकती है। ऐसे में जिन ग्राहकों के जरूरी बैंकिंग काम हैं, वे इन्हें हड़ताल से पहले निपटा सकते हैं।
हालांकि UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं पूरी तरह बंद होना जरूरी नहीं है। इन सेवाओं का संचालन जारी रहने की उम्मीद है, लेकिन किसी तकनीकी दिक्कत या लेनदेन में देरी की संभावना को पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता।
28 से 30 सितंबर फिर बैंक हड़ताल
11 सितंबर की हड़ताल के बाद बैंक कर्मचारियों ने 28, 29 और 30 सितंबर को भी तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। यानी सितंबर में बैंकिंग सेवाओं पर एक और बड़ा असर महीने के आखिर में देखने को मिल सकता है। 28 से 30 सितंबर की हड़ताल बैंकिंग व्यवस्था के छमाही समापन के समय भी पड़ रही है, इसलिए इसका असर ज्यादा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: नेपाल की बाढ़ में बह गया था बैंक! अब मलबे की खुदाई में निकला 50 करोड़ का सोना और 1.5 करोड़ कैश, Video वायरल


Click it and Unblock the Notifications
