नेपाल की बाढ़ में बह गया था बैंक! अब मलबे की खुदाई में निकला 50 करोड़ का सोना और 1.5 करोड़ कैश, Video वायरल
Nepal Flood Gold Rescue: नेपाल में पिछले पांच दिनों से जारी भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। रसुवा की भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
इसी दौरान नेपाल पुलिस ने करीब 8 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद एग्रीकल्चर डेवलपमेंट बैंक की त्रिशूली धुंगे शाखा से लगभग 1.5 करोड़ नेपाली रुपये नकद, करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए। मलबे और बाढ़ के बीच बैंक के इस 'खजाने' को सुरक्षित निकालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी।

8 घंटे की मशक्कत के बाद बैंक का खजाना सुरक्षित
नेपाल पुलिस ने बाढ़ से प्रभावित एग्रीकल्चर डेवलपमेंट बैंक की त्रिशूली धुंगे शाखा से नकदी, सोना और जरूरी दस्तावेज निकालने के लिए करीब 8 घंटे तक अभियान चलाया। कठिन हालात और लगातार बने खतरे के बावजूद पुलिसकर्मियों ने बैंक के भीतर पहुंचकर सामान को सुरक्षित जगह तक पहुंचाया। बैंक से लगभग 1.5 करोड़ नेपाली रुपये नकद और करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य का सोना सुरक्षित निकाला गया।
बाढ़ और मलबे के बीच चुनौती बना बैंक तक पहुंचना
रसुवा में भोटेकोशी नदी की बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। कई इलाकों में सड़क संपर्क और बुनियादी ढांचा प्रभावित हुआ है। ऐसे हालात में बैंक की शाखा तक पहुंचना भी सुरक्षा बलों के लिए मुश्किल था। प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा कि प्रतिकूल मौसम, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और लगातार बने जोखिम के बीच सरकार राहत और बचाव कार्यों में जुटी है।
ये भी पढे़ं: नेपाल में आई बाढ़ से पहले ग्लेशियर ढहने का Video ड्रोन में कैद, देखिए आखिर हुआ क्या था, जिसने मचाई तबाही
9,435 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
प्रधानमंत्री शाह के मुताबिक अब तक 9,435 लोगों को हवाई और सड़क मार्ग से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत और बचाव के लिए कुल 394 उड़ानें संचालित की जा चुकी हैं, जिनमें रविवार को 72 उड़ानें शामिल हैं। नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल के कुल 20,618 सुरक्षाकर्मी प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं और लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।
सुरंगों में भी युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन
जलविद्युत परियोजनाओं के आसपास भी बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी है। नेपाली सेना के हेलीकॉप्टरों से 279 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। भारतीय विशेषज्ञ दल की मदद से रसुवा में अपर त्रिशूली-1 परियोजना के आसपास दो दिनों में 250 लोगों का उद्धार हुआ। नुवाकोट में अपर त्रिशूली-3 'ए' की सुरंग में भी सेना ब्लास्टिंग और बड़े उपकरणों की मदद से रास्ता खोलने में जुटी है।
ये भी पढे़ं: Nepal Flood: हिंदुओं के शवों को भी Airtight Bag में क्यों दफनाया जा रहा? क्या कहता है अंतरराष्ट्रीय नियम?
267 घायल अस्पताल पहुंचे, संचार बहाली जारी
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 267 घायलों को निकालकर स्थानीय और काठमांडू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें 156 को इलाज के बाद छुट्टी मिल चुकी है। वहीं बाढ़ से नेपाल टेलीकॉम के 38 और एनसेल के 27 टावर प्रभावित हुए थे। अब तक कई टावर दोबारा चालू किए जा चुके हैं और प्रभावित इलाकों में संचार व्यवस्था बहाल करने के लिए 20 सैटेलाइट फोन भी भेजे गए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
