G20 Summit: 'हर कोई घोषणापत्र के लिए सहमत', बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने PM मोदी को बताया करिश्माई
G20 Summit: जी20 समिट में शनिवार को 'नई दिल्ली लीडर्स घोषणा पत्र' को सभी देशों से पूर्ण सहमति मिली है। घोषणापत्र में कुल 112 मुद्दे शामिल किए गए हैं, जिनको मंजूरी दी गई है। इस घोषणा पत्र को भारत की बड़ी कामयाबी बताया जा रहा है, जिसके बाद अब बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने पीएम मोदी को करिश्माई बताया है।
जी-20 समिट के उत्साह से भरे आगाज का बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. एके अब्दुल मोमेन ने जी20 में 'दिल्ली घोषणा पत्र' की सराहना करते हुए इसका पूरा श्रेय पीएम मोदी के नेतृत्व को दिया है।

बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि डिक्लेरेशन कल (10 सितंबर) आएगा। लेकिन अच्छी खबर यह है कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के कारण है। घोषणापत्र के लिए सहमति है और यह उनकी (पीएम मोदी) गतिशीलता का ही परिणाम है कि हर कोई घोषणापत्र के लिए सहमत हो गया।
उन्होंने आगे बताया, "क्योंकि इसमें बहुत संदेह था कि कोई घोषणा होगी या नहीं। लेकिन मुझे भारतीय नेतृत्व को धन्यवाद देना चाहिए। उन्होंने बहुत अच्छा काम किया। यह बांग्लादेश और भारत के बीच संबंधों की गर्मजोशी को दर्शाता है।'
डॉ. एके अब्दुल मोमेन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर समय हमारे प्रधानमंत्री को अन्य नेताओं से मिलने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। हमें बहुत गर्व है और प्रधानमंत्री (शेख हसीना) ने यह भी उल्लेख किया कि भारत ने हमें अतिथि देश के रूप में आमंत्रित करके हमारा सम्मान किया है और हम भारत के बहुत आभारी हैं।
विदेश मंत्री ने कहा कि उन्होंने हमें ग्लोबल साउथ के मुद्दों को उठाने का सम्मान और विशेषाधिकार दिया है। बांग्लादेश खास तौर पर ग्लोबल साउथ के मुद्दे उठाता रहा है। हम जलवायु परिवर्तन में अग्रणी हैं, हम महिला सशक्तिकरण में अग्रणी हैं, हम आपदा प्रबंधन में अग्रणी हैं और प्रधानमंत्री ने G 20 नेतृत्व के सामने उन मुद्दों को उजागर किया है।












Click it and Unblock the Notifications