Balasore Case: आत्मदाह करने वाली छात्रा के परिवार को सरकार देगी 20 लाख, कांग्रेस हमलावर
Balasore Case: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आत्मदाह करने वाली छात्रा के निधन पर गहरा शोक जताया है। सीएम ने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के ऊपर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से परिवार के लिए 20 लाख रुपये की सहायता राशि का भी ऐलान किया है। इधर कांग्रेस ने इस मुद्दे पर बड़ा संग्राम शुरू कर दिया है। कांग्रेस पार्टी ने ओडिशा बंद करने का ऐलान किया है।
बता दें कि बालासोर में 22 वर्षीय छात्रा ने कॉलेज के एक सीनियर प्रोफेसर पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए खुद को आग लगा ली थी। अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता की मौत हो गई है। छात्रा ने आरोप लगाया था कि लगातार शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। कॉलेज प्रशासन ने आरोपी पर एक्शन लेने के बजाय पीड़िता को ही परेशान किया था। इस वजह से वह मानसिक तनाव में थी।

Balasore Case: मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने जताया शोक
बालासोर में आत्मदाह करने की खबर आते ही जिला प्रशासन और कॉलेज दोनों ही एक्टिव हो गए थे। आनन-फानन में छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान पीड़िता ने दम तोड़ दिया। इस घटना पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्यपाल ने शोक जताया है।
यह भी पढ़ें: बालेश्वर कॉलेज विवाद: ओडिशा में छात्रा के आरोपों पर शिक्षक की गिरफ्तारी, प्रिंसिपल पर भी गिरी निलंबन की गाज
सीएम माझी ने संबंधित अधिकारियों को घटना की उचित जांच करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और ओडिशा सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रही है।
आरोपी प्रोफेसर अरेस्ट, कॉलेज प्रिंसिपल पर भी एक्शन
आत्मदाह करने की वजह से छात्रा 95 फीसदी तक जल गई थी और उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स भुवनेश्वर भी भेजा गया। हालांकि, डॉक्टरों की कोशिश के बाद भी पीड़िता को बचाया नहीं जा सका। छात्रा ने आत्मदाह से पहले सहायक प्रोफेसर और शिक्षा विभाग के प्रमुख प्रोफेसर समीर कुमार साहू पर गंभीर आरोप लगाए थे।
छात्रा ने अपने पत्र में लिखा था कि साहू बार-बार यौन संबंध बनाने के लिए उस पर दबाव डालते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने धमकी दी है कि वह उसे फेल कर देंगे। उसके परिवार को भी उसकी निजी बातें बताकर प्रताड़ित कर रहे हैं। इस मामले में कॉलेज प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया गया है और आरोपी प्रोफेसर को अरेस्ट कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: मुंबई में नवीन पटनायक की सर्जरी रही सफल, ओडिशा के मंदिरों में लोगों ने मांगी लंबी उम्र की दुआ












Click it and Unblock the Notifications