मुंबई में नवीन पटनायक की सर्जरी रही सफल, ओडिशा के मंदिरों में लोगों ने मांगी लंबी उम्र की दुआ
Naveen Patnaik Health: बीजू जनता दल (BJD) के अध्यक्ष और ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक की सर्जरी सफल रही। पूर्व सीएम को गर्दन की हड्डियों में गठिया (Cervical Arthritis) की सर्जरी मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने बताया कि वह अब ठीक हैं और सभी से बातचीत कर रहे हैं। उन्हें कुछ दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा। उम्मीद है कि उनको 5-6 दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।

Naveen Patnaik की सफल रही सर्जरी
78 वर्षीय नवीन पटनायक पिछले कुछ समय से गर्दन में दर्द (स्पॉन्डिलाइटिस) से परेशान थे और डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने 22 जून को सर्जरी करवाने का निर्णय लिया। यह प्रक्रिया देश के प्रसिद्ध हृदय और न्यूरो सर्जन डॉ. रमाकांत पांडा की देखरेख में संपन्न हुई। डॉ. पांडा ने सर्जरी के बाद जानकारी देते हुए कहा, "सर्जरी सफल रही है। नवीन पटनायक अब होश में हैं, बातचीत कर रहे हैं और उन्हें फिलहाल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। 5-6 दिनों के भीतर उन्हें छुट्टी दी जा सकती है।"
ओडिशा में मंदिरों में प्रार्थना, दीप दान और पूजा
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, नवीन पटनायक की सर्जरी की खबर सामने आने के बाद ओडिशा भर में उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग मंदिरों में पूजा-पाठ और दीपदान कर उनके स्वस्थ होने की कामना की। राजधानी भुवनेश्वर के प्रसिद्ध लिंगराज मंदिर, बालासोर के बाबा झाडेश्वर मंदिर, गंजाम जिले के ब्रह्मपुर स्थित बुढ़ी ठाकुराणी मंदिर, और हिंजलीकाट के शिव मंदिर में बड़ी संख्या में बीजेडी कार्यकर्ता एकत्र हुए और विशेष पूजा आयोजित की।
नवीन पटनायक के घर 'नवीन निवास' और भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर भी उनके हजारों समर्थक मौजूद रहे जब वे इलाज के लिए मुंबई रवाना हो रहे थे। इसके साथ ही सोशल मीडिआ पर भी उनके हेल्थ को लेकर शुभकामनाएं और दुआओं की बाढ़ लग गई।
सोशल मीडिया पर दी थी जानकारी
मुंबई रवाना होने से पहले नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा करते हुए लिखा था कि,"डॉक्टर की सलाह पर, मैं 22 जून को मुंबई में सर्वाइकल आर्थराइटिस का इलाज करवाने जा रहा हूं। भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद और ओडिशा के लोगों की शुभकामनाएं मेरे साथ हैं। जल्द ही स्वस्थ होकर आप सभी की सेवा में लौटूंगा।"
नवीन पटनायक की गैरमौजूदगी में पार्टी की जिम्मेदारियाँ वरिष्ठ बीजेडी नेता और पूर्व मंत्री देविप्रसाद मिश्रा को सौंपी गई हैं। वे पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के साथ मिलकर बीजेडी का संचालन देखेंगे जब तक कि पटनायक पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर लौट नहीं आते है।












Click it and Unblock the Notifications