MP News: बालाघाट में स्वास्थ्य सुविधाओं पर CM मोहन यादव का जोर, गंभीर बीमारी से जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख की मदद

मुख्यमंत्री ने बालाघाट के 100 पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों में बुनियादी ढांचा उन्नयन के लिए 225 करोड़ रुपये की घोषणा की है, जिसमें रोजगार सृजन और मजबूत आजीविका के लिए सड़कों, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन पर जोर दिया गया है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 अगस्त को जन-विश्वास अभियान के तहत बालाघाट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए जिले के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं, रोजगार और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर सरकार की प्राथमिकताएं साझा कीं।

Balaghat gets 225 crore development boost

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समस्याओं के मूल कारणों तक पहुंचकर उनके स्थायी समाधान की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने गंभीर बीमारी के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बालाघाट जिले के ऐसे 100 गांव, जो पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे हैं, उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 225 करोड़ रुपये की राशि से आधारभूत अधोसंरचना का विकास किया जाएगा।

इन गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि इन क्षेत्रों में विकास की गति तेज हो और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ विकास और विकास के साथ रोजगार को प्राथमिकता दी जा रही है। स्थानीय लोगों को आजीविका के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने तथा युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

पशुपालन और ग्रामीण पर्यटन से रोजगार को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए पशुपालन आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। बकरी पालन, मुर्गी पालन और दुग्ध उत्पादन के साथ-साथ होम स्टे और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बालाघाट और लांजी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।

प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ते हुए इको टूरिज्म और ट्राइबल टूरिज्म को विकसित किया जा सकता है। क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं और सरल जनजीवन भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।

बैगा समाज के विकास पर भी सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने लंबे प्रयासों के बाद बालाघाट समेत मध्य प्रदेश को नक्सलमुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। अब स्थानीय लोगों को विश्वास में लेकर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित बालाघाट के बाद अब समृद्ध बालाघाट बनाने का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलमुक्त बालाघाट के बाद सरकार विकास को नई गति देने के लिए काम कर रही है।

बैगा आश्रमों को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैगा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। बैगा परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए बैगा आश्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समाज के समग्र विकास के लिए बैगा विकास प्राधिकरण का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बालाघाट को विकास की दृष्टि से प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल करना है। सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+