एलोपैथ को लेकर रामदेव के बयान के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई आज
नई दिल्ली, 30 जुलाई। योग गुरू बाबा रामदेव ने जिस तरह से एलोपैथ को लेकर बयान दिया था उसके खिलाफ डॉक्टरों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। आज दिल्ली हाई कोर्ट इस मामले पर सुनवाई करेगी। रामदेव के खिलाफ 7 डॉक्टरों की टीम ने कोर्ट में याचिका दायर की थी कि बाबा रामदेव एलोपैथ को लेकर लोगों के बीच गलत जानकारी फैला रहे हैं। सोमवार को कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई को टाल दिया था। बता दें कि यह याचिका रेजिडेंट डॉक्टर्स असोसिएशन ऑफ इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की ओर से दायर की गई है। इस मामले की सुनवाई जस्टिस सी हरिशंकर करेंगे।

असोसिएशन ने रामदेव पर आरोप लगाया है कि वह लोगों के बीच में गलत जानकारी दे रहे हैं कि कोरोना से संक्रमित कई लोगों की मौत एलौपैथ की वजह से हो गई, उन्होंने लोगों के बीच यह अफवाह फैलाई है कि एलोपैथ डॉक्टरों की वजह से लोगों की जान गई है। रामदेव लोगों के भीतर शक पैदा कर रहे हैं कि कोरोना के इलाज में एलोपैथिक इलाज सक्षम नहीं है, वह कोरोना की वैक्सीन को लेकर भी इस तरह की अफवाह फैला रहे हैं। याचिका में कहा गया है कि रामदेव के बयान से लाखो लोग प्रभावित होकर एलोपैथ का इलाज लेने से कतराएंगे।
इसके साथ ही असोसिएशन की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि रामदेव ने यह अफवाह इसलिए फैलाई ताकि वह अपने उत्पाद को बेच सके। यह उनका प्रचार का तरीका है। रामदेव अपने उत्पाद को कोरोना के इलाज के लिए कारगर बताते हैं लिहाजा वह इस तरह का बयान देकर अपने उत्पाद का प्रचार कर रहे हैं। यही नहीं याचिका में कहा गया है कि संभव है कि अगस्त माह में कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है लिहाजा रामदेव की गलत जानकारी को रोकने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications