B Chandrakala: देश की सबसे चर्चित IAS बी चंद्रकला का पूरा नाम क्या है, फिर क्यों होने लगी इनकी चर्चा?
IAS B Chandrakala: उत्तर प्रदेश की चर्चित और तेजतर्रार आईएएस अधिकारी बी. चंद्रकला को सरकार ने एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। सचिव, महिला कल्याण और पंचायती राज विभाग के पद पर कार्यरत बी. चंद्रकला को अब बाल विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें आईएएस वीना कुमारी मीणा के रूस दौरे के कारण सौंपी गई है। वीना कुमारी मीणा 28 मई से 1 जून तक रूस में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने गई हैं। उनके लौटने तक चंद्रकला इस अतिरिक्त प्रभार को संभालेंगी।
उत्तर प्रदेश कैडर में बी. चंद्रकला साल 2008 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं। वे पहले से ही सचिव, माध्यमिक शिक्षा, महिला कल्याण एवं पंचायती राज जैसे अहम विभागों का दायित्व निभा चुकी हैं। प्रशासन में अपने दबंग और निर्भीक अंदाज के लिए वे पूरे देश में चर्चा में रही हैं।

वायरल वीडियो और 'लेडी दबंग’ की छवि
बी. चंद्रकला का नाम उस वक्त सुर्खियों में आया जब उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए। इनमें वे कभी किसी ठेकेदार को डांटकर भगा देतीं, किसी अधिकारी को मीटिंग से बाहर कर देतीं, तो कभी भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को जेल भेजने की धमकी देतीं नजर आती थीं।

बी चंद्रकला के वायरल वीडियो में उनकी कुछ चर्चित लाइनें
-
दिमाग खराब है तुम्हारा? इसको बैठाओ अंदर।
-
चलो निकलो यहां से... जेल तो जरूर भेजूंगी।
-
मैं तुम्हारे घर अनजान मर्द भेजूं?
उनके इसी अंदाज के चलते लोग उन्हें 'लेडी दबंग’ कहने लगे।
विवाद और सीबीआई छापा
वर्ष 2019 में बी. चंद्रकला एक बार फिर सुर्खियों में आईं, जब उनके घर सीबीआई ने बालू खनन घोटाले के सिलसिले में छापा मारा। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे, जिन्हें उन्होंने राजनीतिक साजिश करार दिया। इससे पहले अवैध खनन, अवैध निर्माण और स्वच्छता अभियान को लेकर भी वे कई बार सत्ता प्रतिष्ठानों से भिड़ चुकी थीं।

बी. चंद्रकला का सर्विस रिकॉर्ड
बी. चंद्रकला ने यूपी के हमीरपुर, मथुरा, बुलंदशहर, बिजनौर और मेरठ जिलों में डीएम रहते हुए कई प्रशासनिक फैसले लिए। उन्होंने भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय में अवर सचिव और उप सचिव के रूप में भी कार्य किया। जनवरी 2017 से वे वरिष्ठ आईएएस स्केल में आ गईं और तब से सचिव स्तर की जिम्मेदारियां संभाल रही हैं।
बी चंद्रकला आईएएस की कुछ प्रमुख पोस्टिंग
-
डीएम, हमीरपुर (2012–2014)
-
डीएम, बुलंदशहर (2014–2016)
-
डीएम, मेरठ (2016–2017)
-
विशेष सचिव, माध्यमिक शिक्षा विभाग, यूपी सरकार
-
सचिव, महिला कल्याण व पंचायती राज विभाग, यूपी सरकार
बी. चंद्रकला का पूरा नाम, निजी जीवन और शिक्षा
बी. चंद्रकला का पूरा नाम भुक्या चंद्रकला नीरू है। बी चंद्रकला का जन्म 27 सितंबर 1979 को तेलंगाना के करीमनगर में हुआ। उन्होंने एम.ए. (अर्थशास्त्र) और एम.बी.ए. की पढ़ाई की है। उनके पति ए. रामुलू तेलंगाना सरकार में इंजीनियर हैं। उनकी एक बेटी कीर्ति चंद्रा है।

B Chandrakala IAS Current Posting: बी चंद्रकला वर्तमान पोस्टिंग
फिलहाल वे उत्तर प्रदेश सरकार में सचिव, महिला कल्याण एवं पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। अब बाल विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद वे तीन अहम विभागों के कामकाज का समन्वय कर रही हैं। माना जा रहा है कि उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव के कारण यह फैसला लिया गया ताकि विभागीय कार्य सुचारू रूप से चलते रहें। वीना कुमारी मीणा के वापस लौटने पर वे फिर अपने मूल दायित्वों पर कार्य करेंगी।
-












Click it and Unblock the Notifications