आजाद के साथ G-23 के नेता जल्द करेंगे राहुल और सोनिया गांधी से मुलाकात
नई दिल्ली, 18 मार्च: हाल ही में यूपी, उत्तराखंड समेत पांच राज्यों में विधानसभा के चुनाव संपन्न हुए। जिसमें कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। अभी कुछ दिनों पहले कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हुई थी, जिसमें पांचों राज्यों में हुई हार पर चिंता व्यक्त की गई। इसके बाद कांग्रेस का बागी गुट जी-23 भी सक्रिय हुआ और दो राउंड की बैठक की। अब खबर आ रही है कि जी-23 के नेता जल्द ही पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक जी-23 ग्रुप ने शीर्ष नेताओं से मुलाकात का प्रस्ताव रखा था, जिस पर राहुल ने कहा कि हम सोनिया गांधी से बात करने के बाद बैठक का समय तय करेंगे और इसकी जानकारी देंगे। इससे पहले केवल आजाद का सोनिया गांधी से मिलने का कार्यक्रम था। हालांकि अभी तक इस बारे में कांग्रेस का कोई नेता आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कह रहा है।
वहीं दूसरी ओर पार्टी में व्यापक सुधारों की मांग करने वाले जी-23 नेताओं ने बुधवार को पांच राज्यों पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मणिपुर और गोवा में हुई कांग्रेस की हार पर चर्चा करने के लिए मुलाकात की थी। जिसमें कपिल सिब्बल, भूपिंदर सिंह हुड्डा, आनंद शर्मा, मनीष तिवारी, शशि थरूर, मणिशंकर अय्यर, पीजे कुरियन, परनीत कौर, संदीप दीक्षित और राज बब्बर भी मौजूद थे। इसके बाद हुड्डा ने गुरुवार को राहुल गांधी से मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने हुड्डा से जी-23 नेताओं की बैठक और उनके संकल्प के बारे में पूछा। हुड्डा ने कांग्रेस कार्यसमिति के चुनाव और भविष्य के निर्णय केवल सीडब्ल्यूसी में चर्चा के माध्यम से लेने का सुझाव दिया क्योंकि इसका उल्लेख जी-23 ग्रुप ने भी किया था। सूत्रों के मुताबिक हुड्डा ने पार्टी सचिव केसी वेणुगोपाल को पद से हटाने और उनकी जगह एक अनुभवी व्यक्ति को नियुक्त करने की मांग की है, जो उत्तर भारत की राजनीति को अच्छे से समझता हो।












Click it and Unblock the Notifications