Ayodhya Ram Mandir: मोदी सरकार का बड़ा फैसला, 22 जनवरी को केंद्रीय ऑफिसों में रहेगी आधे दिन की छुट्टी
अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर में होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को देखते हुए मोदी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 22 जनवरी को केंद्र सरकार ने आधे दिन की छुट्टी का ऐलान किया है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालय आधे दिन के लिए बंद रहेंगे। केंद्र सरकार की ओर से इस घोषणा को लेकर एक सर्कुलर भी जारी किया गया है।

केंद्र सरकार की ओर से जारी सर्कुलर में कहा गया है कि, कर्मचारियों की भारी भावना और उनके अनुरोध के कारण, केंद्र सरकार ने राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर पूरे भारत में सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, केंद्रीय संस्थानों और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों में 22 जनवरी 2024 को दोपहर 2:30 बजे तक आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है।
वहीं केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के प्राणप्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर 22 जनवरी को सभी केंद्र सरकार के कार्यालय आधे दिन के लिए बंद रहेंगे। दफ्तरों को आधे दिन बंद रखने का फैसला भक्तों की भारी भावनाओं को देखते हुए लिया गया है।
इससे पहले यूपी की योगी सरकार भी राज्य में 22 जनवरी की छुट्टी की ऐलान कर चुकी है। आदेश के मुताबिक, 22 जनवरी को सभी शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों में छुट्टियां रहेंगी। सीएम योगी ने प्रदेश में 22 जनवरी को दिवाली की तरह ही उत्सव मनाने की अपील की है।
यूपी के अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा औक गोवा ने सभी स्कूलों की छुट्टियों को 22 जनवरी तक बंद रहने का आदेश दिया है। वहीं, इस दिन प्रदेश में कहीं भी शराब नहीं परोसी जाएगी। सरकार ने 22 जनवरी को यहां ड्राइ-डे घोषित किया है।












Click it and Unblock the Notifications