अयोध्या के प्राण प्रतिष्ठा का जश्न पूरे ओडिशा में देखने को मिला
अयोध्या में 22 जनवरी को ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस मौके पर देशभर में लोगों ने पूजा-अर्चना की, मिठाइयां बांटी, भगवान राम की झांकी निकाली। ओडिशा के कई शहरों में भगवान राम को लेकर उत्साह देखने को मिला। कटक और भुवनेश्वर में भक्त इस मौके पर खुशियां मनाते दिखे। नयागढ़ में भी नए राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया गया। वहीं संबलपुर में शाम को एक लाख से अधिक मिट्टी के दिए जलाए गए।
कटक में सुबह से ही राम मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ लगी रही। रघुनाथज्यू, गोपीनाथ और श्याम बाबा मंदिर में भजन गाए गए, लोगों में मिठाइयां बांटी गईं। वहीं शहर के कई अपार्टमेंट और कॉलोनियों में राम मंदिर समारोह को एक साथ देखने के लिए टेंट लगाया गया, यहां टीवी लगाई गई। नयासर में दिवाली जैसा जश्न देखने को मिला। यहां कई दुकानों पर पटाखे फोड़े गए, दीए जलाए गए। भगवान श्री राम, मां सीता, भगवान हनुमान और रामायण के पात्रों को पारंपरिक पोशाक में धार्मिक जुलूस में देखा गया, उनकी यात्रा निकाली गई।

भुवनेश्वर में भी भव्य प्राण प्रतिष्ठा का रंग देखने को मिला। इस मौके पर बड़ी संख्या में जनपथ स्थित राम मंदिर में भक्त इकट्ठा हुए। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों से अपील की थी कि वह अपने घर में श्री राम की ज्योति जलाएं। ओल्ड टाउन के कई मंदिरों में राम के भजन गाए गए। यहां भक्तों ने तिनिमुंडिया चक केपास हजारों दीपक जलाए। संबलपुर में रिंग रोड के किनारे महानदी के अयोध्या सरोवर घाट पर 1,11,111 दीये जलाए गए।
वहीं मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने रिंग रोड के पास गांधी मार्ग पर राम लीला का आयोजन किया। बरहामपुर में मंदिरों में श्री रामचरितमानस और सुंदरकांड का पाठ किया गया और प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लाइव देखने के लिए कई स्थानों पर बड़ी स्क्रीनें लगाई गईं। शाम को रावण की प्रतिकृति को आग के हवाले कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications