अयोध्या केस: मुस्लिम पक्ष के वकील ने कहा था- कोर्ट के सवाल मुझसे ही होते हैं, सीजेआई के जवाब पर गूंजे ठहाके
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या विवाद पर सुनवाई जारी है। 40वें दिन सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। सुनवाई के दौरान ऐसी ही बहस दो दिनों पूर्व हुई थी जब मुस्लिम पक्ष के वकील राजीव धवन ने ऐसा कुछ कहा जिसपर हिंदू पक्ष ने सवाल उठाया। सुनवाई के दौरान राजीव धवन ने कहा कि कोर्ट के सवाल मेरी तरफ ही होते हैं, हिंदू पक्ष से नहीं।

राजीव धवन ने अपनी दलीलों के दौरान सुप्रीम कोर्ट में कहा कि मैंने नोटिस किया है कि आपके सभी सवाल मेरी तरफ होते हैं। लॉर्डशीप, आप उनसे (हिंदू पक्ष) भी कुछ सवाल पूछ सकते हैं। इसपर हिंदू पक्ष की तरफ से आपत्ति दर्ज कराई गई। हिंदू पक्ष के वकील सीएस वैद्यनाथन ने कहा कि ये बयान पूरी तरह गलत है। इसपर राजीव धवन ने कहा कि ये बिल्कुल भी गलत नहीं है, मैं जवाब देने के लिए बाध्य हूं, लेकिन सभी सवाल मेरे लिए ही क्यों होते हैं?
हालांकि, कोर्ट ने राजीव धवन के बयान को इग्नोर किया और कहा कि आप केवल उन सवालों के जवाब देते हैं, जो हम पूछते हैं। वहीं, अगले दिन सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ हिंदू पक्ष के वकील के.परासरण से सवाल पर सवाल दाग रही थी। इस दौरान सीजेआई ने राजीव धवन से पूछ लिया कि सवालों से वे संतुष्ट हैं न? सीजेआई के इस सवाल पर पूरा कोर्ट रूम ठहाके से गूंज उठा।
बुधवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के सीजेआई रंजन गोगोई ने साफ किया कि आज शाम 5 बजे तक इस मामले में सारी दलीलें पूरी हो जाएंगीं। उन्होंने किसी भी अन्य याचिका पर सुनवाई से इनकार किया। इस दौरान कोर्ट में तीखी बहस होने लगी तो सीजेआई ने कहा कि हमारी तरफ से बहस पूरी हो चुकी है, कोई कुछ कहना चाहता है तो इसलिए वक्त दिया जा रहा है, वरना हम उठकर जा भी सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications