'निकिता भाभी ने बेटे का मुंह दिखाने के मांगे थे 30 लाख', अतुल सुभाष के भाई ने बताई हैरान करने वाली शर्तें
Atul Subhash Story: बेंगलुरु के रहने वाले AI इंजीनियर अतुल सुभाष के आत्महत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। अतुल सुभाष ने खुद पर दहेज उत्पीड़न से लेकर हत्या समेत 9 मामले दर्ज करने से लेकर आत्महत्या तक के उकसाने का आरोप अपनी पत्नी निकिता सिंघानिया, सास निशा, पत्नी के भाई अनुराग और पत्नी के चाचा सुशील पर लगाया है। अतुल की पत्नी निकिता सिंघानिया का परिवार जौनपुर का रहने वाला है।
अब अतुल के भाई विकास ने अपने भाई और भाभी के रिश्तों को लेकर कई बातें कही हैं। अतुल के भाई ने कहा है कि आत्महत्या से पहले उन्होंने अपने भाई से बात की थी, उन्हें इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि उसका भाई चंद घंटों में अपनी जिंदगी खत्म कर लेगा। भाई ने बताया है कि अतुल अपने चार साल के बेटे को देखने के लिए तरस गया था। उसने उसे तब आखिरी बार देखा था, जब वो सिर्फ एक साल का था।

'निकिता भाभी ने बेटे से मिलवाने के लिए 30 लाख मांगे थे'
दैनिक भास्कर के मुताबिक, अतुल सुभाष के भाई विकास ने कहा, ''भाभी ने भाई से तीन करोड़ रुपये मांगे थे। बेटे से मिलवाने के लिए उनसे 30 लाख रुपये मांगे थे। एक नौकरीपेशा इंसान के लिए ऐसी डिमांड पूरी करना बिल्कुल आसान नहीं है।''
विकास ने कहा, ''अतुल ने 2019 में निकिता से शादी की थी। उनका एक साढ़े चार साल का बेटा है। भाभी (निकिता) अपने परिवार के साथ मिलकर मेरी पत्नी, माता-पिता के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई है। वो लोग केस को सेटल करवाने के लिए तीन करोड़ रुपये मांग रहे थे।
निकिता और अतुल के रिश्ते कैसे खराब हुए? विकास ने कहा, ''मुझे इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता है कि उनके रिश्ते कैसे और कब से खराब होने शुरू हुए हैं। भाई मुझसे अपने पर्सनल रिश्तों को लेकर कुछ ज्यादा शेयर नहीं करते थे। इसके लिए मैं पहले सारे डॉक्यूमेंट्स पढूंगा, तभी आपसे कुछ शेयर कर सकता हूं।''
कहां हैं अतुल सुभाष की पत्नी और उनके ससुराल वाले?
34 वर्षीय अतुल सुभाष का शव बेंगलुरु में उनके फ्लैट से मिला था। बेंगलुरु पुलिस उनके आरोपों की जांच कर रही है। इस केस में 4 लोगों पर FIR दर्ज हुई है। अतुल के भाई विकास कुमार ने सुभाष की अलग रह रही पत्नी निकिता सिंघानिया, उनकी मां निशा सिंघानिया, भाई अनुराग सिंघानिया और चाचा सुशील सिंघानिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बेंगलुरु पुलिस ने मामले में आरोपियों का पता लगाने के लिए अपने उत्तर प्रदेश समकक्ष से मदद लेने का फैसला किया है।
इसके बाद मराठाहल्ली पुलिस ने उन पर आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित मामला दर्ज किया। उन पर अतुल के खिलाफ मामला वापस लेने के लिए 3 करोड़ रुपये और उनके बेटे से मिलने के अधिकार के लिए 30 लाख रुपये मांगने का आरोप है। बेंगलुरु में पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की कि मराठाहल्ली पुलिस की एक टीम बुधवार को उत्तर प्रदेश भेजी गई थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "जांच अधिकारी यह तय करेंगे कि नोटिस जारी किया जाए या संदिग्धों को हिरासत में लिया जाए।" बेंगलुरु पुलिस के जौनपुर पहुंचने से पहले अतुल सुभाष की सास और साले घर छोड़कर चले गए। पुलिस को घर पर ताला लगा मिला।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications