'सांप' को हाथ में उठाकर वीडियो शूट कराने लगीं पहलवान गीता फोगाट, जानिए फिर क्या हुआ?
नई दिल्ली: कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली पहलवान गीता फोगाट सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं। वो अपने गांव और घर से जुड़े फोटो-वीडियो आए दिन शेयर करती रहती हैं। साथ ही तमाम मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय भी रखती हैं। अब सोशल मीडिया पर उन्होंने एक ऐसा वीडियो डाला है, जिस देखकर उनके फैन्स हैरान हैं। हालांकि बाद में लोगों को इस वीडियो की सच्चाई भी पता चल गई।

केंचुल लेकर दोस्त की ओर दौड़ीं
दरअसल गीता फोगाट ग्रामीण इलाके में बनी एक नहर के करीब टहल रही थीं। इस दौरान उन्हें वहां पर सांप जैसी चीज दिखाई दी। जैसे वो वहां पहुंची तो सच्चाई कुछ और ही निकली। उन्होंने देखा कि एक सांप केंचुल छोड़कर आगे चल गया है। जिस पर गीता ने तुरंत बिना डरे उसे उठा लिया। इसके बाद वो उसे लेकर अपनी दोस्त की ओर दौड़ीं, जो वीडियो बना रही थीं। इस पर गीता की दोस्त काफी डर गईं और वो भागने लगीं।

शुरू में हुई गलतफहमी
वैसे शुरू में लोगों ने समझा कि गीता ने जिंदा सांप पकड़ लिया है, जिससे वो हैरान रह गए। बाद में उनकी दोस्त कैमरे को पास ले गईं, तो सांप का सिर मुंड़ गया, तब जाकर लोग समझे की वो सांप का केंचुल है, जिसकी लंबाई 4-5 फीट रही होगी। गीता के अलावा उनकी बहन बबीता फोगाट भी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। दोनों बहनों पर बॉलीवुड फिल्म 'दंगल' भी बन चुकी है। गीता और बबिता को गांव से बहुत लगाव है, जिस वजह से वो अक्सर वहां जाया करती हैं।
यहां क्लिक कर देखें गीता फोगाट का वीडियो

क्यों केंचुल छोड़ते हैं सांप?
दरअसल सांप की त्वचा जब खराब हो जाती है, तो वो उसे उतार देता है। इसे ही केंचुल या केंचुली कहते हैं। आमतौर पर सामान्य सांप साल में तीन-चार बार केंचुल उतार देते हैं। इसके बाद उनकी नई त्वचा चिकनी और चमकदार हो जाती है। साथ ही जो संक्रमण त्वचा पर रहता है वो खत्म हो जाता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक त्वचा खराब होने के बाद सांप एकांत जगह पर चले जाते हैं। इसके बाद वो पेड़-पत्थर आदि से रगड़कर केंचुल निकाल देते हैं। केंचुल उतर जाने के बाद सांप काफी चुस्त हो जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications