असम: चुनाव बाद फूट से डरा विपक्षी गठबंधन, 22 कैंडिडेट को जयपुर के होटल में किया गया सेफ
गुवाहाटी। असम में चुनाव के नतीजे अभी नहीं जारी हुए हैं उसके पहले ही कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को अपने विधायकों की खरीद फरोख्त का डर सताने लगा है। विपक्षी गठबंधन के 22 उम्मीदवारों को जयपुर लाया गया है और उन्हें यहां एक होटल में सुरक्षित रखा गया है। विपक्षी खेमे में डर है कि 2 मई को चुनाव नतीजों के बाद बीजेपी विधायकों की तोड़फोड़ कर सकती है। इसलिए ऐसी किसी भी संभावना को फेल करने के लिए इन्हें पहले ही कांग्रेस शासित राज्य में पहुंचा दिया गया है।
Recommended Video

असम में कांग्रेस के नेतृत्व में बने विपक्षी गठबंधन को महाजोत के नाम से जाना जाता है। जिन्हें जयपुर पहुंचाया गया है उनमें मौलाना बदरुद्दीन अजमल की एआईडीयूएफ, बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट और वाम दलों के उम्मीदवार शामिल हैं।
कांग्रेस शासित राज्य में इन सभी को राजधानी के उसी रिसॉर्ट में रखा गया है जहां पर पिछले साल जुलाई में पार्टी के आंतरिक संकट के दौरान सभी विधायकों को रखा गया था। तब सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था।
असम में विधानसभा चुनाव के लिए तीन चरणों में वोट डाले गए हैं। 2 मई को पश्चिम बंगाल, तमिल नाडु, केरल और पुडुचेरी के साथ यहां भी चुनाव के नतीजे आएंगे।
2016 के विधानसभा चुनाव में पहली बार बीजेपी को जीत मिली थी जिसके बाद सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में बीजेपी ने सरकार बनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications