Assam Assembly Election 2021 : कामाख्या से चाय बागान तक, वोट के लिए हर कोशिश में जुटीं प्रियंका गांधी
गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनावों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है ऐसे में सभी राजनीतिक दल कमर कसकर वोटरों को लुभाने में जुटे हैं। कांग्रेस पार्टी ने भी अपनी पूरी ताकत यहां झोंक दी है। लंबे वक्त से सत्ता वापसी का ख्वाब देख रही कांग्रेस हर तरह से यहां लोगों के दिलों के करीब जाने की कोशिश कर रही है और यही कारण है कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी का असम दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
Recommended Video

प्रियंका गांधी का दिखा जुदा अंदाज
मालूम हो कि इस दौरे पर प्रियंका गांधी का एक अलग ही रूप देखने को मिला है, सोमवार को वो परंपरागत रिवाज में जहां कामाख्या मंदिर में पूजा अर्चना करती नजर आई थीं, वहीं आज वो चाय के बागान में एक महिला श्रमिक के रूप में पत्तियां तोड़तीं दिखाई दीं । प्रियंका गांधी की तस्वीरें इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और लोगों ने उस पर काफी प्रतिक्रियाएं भी दी हैं।

कामाख्या धाम में प्रियंका गांधी
गौरतलब है कि सोमवार को प्रियंका गांधी ने गुवाहाटी के प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर में पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के असम प्रभारी जितेंद्र सिंह भी साथ थे। सिर पर दुपट्टा ,हाथों में पूजा के फूल और होठों पर मां कामाख्या की स्तुति करतीं प्रियंका गांधी को इस रूप में पहले किसी ने नहीं देखा था।
'झुमुर' पर झूमी प्रियंका गांधी
यही नहीं मां के धाम से निकलकर प्रियंका गांधी ने चाय बागान की आदिवासी किशोरियों के साथ 'झुमुर' डांस भी किया, ढोल की थाप पर थिरकतीं प्रियंका गांधी को देखकर हर कोई चकित रह गया। (देखें video)

चाय के बागान में प्रियंका गांधी
तो वहीं दूसरी ओर आज प्रियंका गांधी ने असम के साधारु में चाय बागान के कर्मचारियों के साथ चाय की पत्तियां तोड़ी और महिला मजदूरों के साथ बातचीत भी की, उनके साथ खाना भी खाया और उनके नन्हें बच्चों को गोद में भी उठाया।
मैं इस प्रेम को भूल नहीं पाऊंगी: प्रियंका गांधी
इस बारे में प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके भी अपनी खुशी जाहिर की है, साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि मैंने चाय बागान के श्रमिकों के संग बैठकर उनके कामकाज, घर परिवार का हालचाल जाना और उनके जीवन की कठिनाइयों को महसूस किया, मैं जीवन में श्रमिकों से मिला प्रेम और ये आत्मीयता को कभी नहीं भूल पाऊंगी।

असमवासियों के दिलों में जगह बनाने की कोशिश
मालूम हो कांग्रेस के इस लोकप्रिय चेहरे को अपने बीच में पाकर वहां की श्रमिक महिलाएं भी बहुत खुश नजर आईं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरें उनकी खुशी को बयां करने के लिए काफी हैं।फिलहाल प्रियंका गांधी की पूरी कोशिश असमवासियों के दिलों में जगह बनाने की है, अब वो अपनी कोशिश में कितनी कामयाब होती हैं, ये तो चुनावी नतीजे तय करेंगे। आपको बता दें कि असम की 126 सीटों के लिए 27 मार्च, 1 अप्रैल और 6 अप्रैल को मतदान होगा जबकि 2 मई को चुनावों के नतीजे घोषित होंगे। अभी यहां एनडीए की सरकार है और सर्वानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री हैं।

सरकार बनाने का मैजिक नंबर 64
गौरतलब है कि यहां पिछले चुनाव में बीजेपी 89 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और उसने 60 सीटें जीती थीं, जबकि असम गण परिषद ने 30 सीटों पर चुनाव लड़कर 14 सीटें अपने नाम किया था जबकि बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट ने 13 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 पर फतेह हासिल की थी। इस चुनाव में कांग्रेस ने 122 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ 26 सीटों पर जीत दर्ज कर पाई थी। बता दें कि यहां सरकार बनाने का मैजिक नंबर 64 है।


Click it and Unblock the Notifications
