असम में भी कांग्रेस को झटका, 2 और MLA ने बीजेपी सरकार को दिया समर्थन, हिमंता सरमा ने ली राहुल पर चुटकी
कांग्रेस के लिए पिछले कुछ दिनों में कई राज्यों से बुरी खबरें आई हैं। उसमें बुधवार को असम का भी नाम जुड़ गया है। असम के दो कांग्रेसी एमएलए ने राज्य और केंद्र की बीजेपी सरकारों को समर्थन देने का फैसला किया है
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दोनों कांग्रेस नेताओं को मीडिया के सामने पेश किया है। भाजपा सरकार को समर्थन देने वाले कांग्रेस एमएलए हैं-प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कमलाख्या डे पुरकायस्थ और बसंता दास।

कांग्रेस के दो और विधायक बीजेपी सरकार को समर्थन देंगे- मुख्यमंत्री
इनके फैसले के बारे में सीएम सरमा ने बताया, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व का सम्मान करते हुए कमलाख्या डे पुरकायस्थ और बसंता दास ने असम और केंद्र सरकारों के रचनात्मक कार्यों का समर्थन करने का फैसला किया है। दो अन्य कांग्रेस विधायक शक्तिकांत दास और सिद्दीक अहमद पहले से ही हमें लगातार समर्थन दे रहे हैं।'
एक एमएलए कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि 'पुरकायस्थ और दास के फैसले से हमारी सरकार को ताकत मिलेगी। पुरकायस्थ ने कांग्रेस वर्किंग प्रेसिडेंट से इस्तीफा दे दिया है। मैं दोनों एमएलए के फैसले का सम्मान करता हूं। आने वाले दिनों में हम सारे एमएलए और मंत्री करीमगंज उत्तर (पुरकायस्थ का विधानसभा क्षेत्र) और मंगलदोई (दास के) निर्वाचन क्षेत्रों का विशेष विकास सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे।'
उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी जब कथित रूप से अपने विधायकों को सरकारी बैठकों और कार्यक्रमों में जाने ही नहीं देगी और मंत्रियों से मुलाकात नहीं कर देगी तो उनके क्षेत्रों का विकास कैसे हो पाएगा, वहां उनकी समस्याएं कौन बताएगा।
कांग्रेस के रवैए से एमएलए नाखुश- हिमंता बिस्वा सरमा
हिमंता बिस्वा सरमा का कहना है कि 'किसी भी विपक्षी पार्टी का पहले ऐसा रवैया नहीं होता था। कांग्रेस के कई एमएलए इससे खुश नहीं हैं। पिछले तीन-चार दिनों में इस मामले में मुझसे 6 से 7 विधायकों ने मुलाकात की है।'
उन्होंने कहा कि दोनों विधायकों के फैसले से विधानसभा में सकारात्मक माहौल तैयार होगा। उन्होंने कहा, 'यह नया ट्रेंड है। अगर हर राज्य इसकी कॉपी करे तो यह अच्छा होगा, क्योंकि मोदीजी एक पार्टी के नेता नहीं हैं, बल्कि वह देश के नेता हैं।'
कांग्रेस के कई और एमएलए और नेता संपर्क में- असम सीएम
उन्होंने दावा किया कि कई और एमएलए और कांग्रेस पार्टी के नेता ऐसा ही करना चाहते हैं और 'जब बात आगे बढ़ेगी' तो वह उनको भी सामने लाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पुरकायस्थ और दास बीजेपी में शामिल होंगे या नहीं यह 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले पता चल जाएगा।
भाजपा नेता ने कहा, 'असम एक ऐसा राज्य बन जाएगा, जहां के सभी एमएलए राज्य और केंद्र सरकारों को समर्थन देंगे। पीएम मोदी असम में जो कार्य कर रहे हैं, उससे लोग बहुत खुश हैं। राज्य सरकार इसे पूरा करने की कोशिश कर रही है। यह एक डबल इंजन सरकार है।'
'असम में कोई विरोध नहीं है'
उन्होंने दावा किया कि सिर्फ यही विधायक नहीं, बल्कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय 'राजीव भवन' में बैठे सभी लोग बीजेपी के साथ हैं। 'जहां तक मन और दिल की बात है तो असम में कोई विरोध नहीं है। कुछ मजबूरियां हैं, जिसकी वजह से वे विपक्ष में हैं। अब लोग उन मजबूरियों को तोड़ते हुए हमारे नजदीक आ रहे हैं।'
यह राहुलजी के लिए गिफ्ट है- हिमंता बिस्वा सरमा
इस दौरान असम के सीएम ने राहुल गांधी पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ कोई एमएलए नहीं है। उन्होंने कहा, 'ये (कांग्रेस के) एमएलए अब मेरे साथ हैं। यह राहुलजी के लिए गिफ्ट है।'
मेघालय की राह पर बढ़ रहा है असम?
2022 में पड़ोसी राज्य मेघालय में भी एक ऐसी ही राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिली थी। वहां कुछ निलंबित कांग्रेस विधायकों ने नेशनल पीपुल्स पार्टी की अगुवाई वाली सरकार का समर्थन किया था और फिर चुनावों से पहले पार्टी में शामिल हो गए थे।
असम की 14 में से 11 लोकसभा सीटें जीतेगी बीजेपी- असम के मुख्यमंत्री
असम के सीएम ने यह भी भविष्यवाणी की है कि लोकसभा चुनावों में भाजपा असम की 14 सीटों में 11 पर बहुत बड़े अंतर से जीतेगी। उनके मुताबिक, 'अगर आप इसे विधानसभा चुनाव क्षेत्रों में बदलें तो हम राज्य की 126 विधानसभा सीटों में से 100 जीतेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications